नियमों की अवहेलना करने पर कार्रवाई, संचालन निर्धारित स्थान ही किया जाना अनिवार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के निर्धारित मानकों एवं निर्देशों का पालन न करने वाले सीएससी केंद्रों पर कार्रवाई की जा रही है। जिले में अब तक 192 सीएससी आईडी को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। सीएससी जिला प्रबंधक अंबाला विवेक शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान यह पाया गया कि कई सीएससी केंद्र निर्धारित स्थायी स्थान पर संचालित नहीं हो रहे थे, कुछ केंद्रों पर कॉमन ब्रांडिंग, रेट चार्ट, पुलिस वेरिफिकेशन, अधिकृत बैनर एवं आवश्यक दस्तावेजों की अनुपस्थिति पाई गई, जोकि सीएससी द्वारा तय नियमों का उल्लंघन है।
शर्मा ने कहा कि सीएससी का संचालन केवल निर्धारित स्थान, अधिकृत ब्रांडिंग एवं तय मानकों के अनुसार ही किया जाना अनिवार्य है। किसी भी सीएससी केंद्र द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बिना पूर्व सूचना के संबंधित सीएससी आईडी बंद की जा सकती है, इसलिए सभी सीएससी केंद्र संचालक इसके तहत नियमों का पालन करें। वर्तमान में जिले के सभी सीएससी केंद्रों का भौतिक सत्यापन एवं दस्तावेजी जांच लगातार जारी है।
सीएससी संचालकों को निर्देश, नियमों का करें पालन
सभी सीएससी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह सीएससी केंद्र का स्थायी संचालन स्थल सुनिश्चित करें। कॉमन सीएससी ब्रांडिंग एवं राज्य, सीएससी लोगो सही रूप से प्रदर्शित करें, रेट चार्ट स्पष्ट रूप से केंद्र पर लगाएं, पुलिस वेरिफिकेशन, बॉयोमेट्रिक अटेंडेंस एवं आवश्यक अनुमतियां पूर्ण रखें। सभी सेवाएं केवल मान्य सीएससी आईडी के माध्यम से ही प्रदान करें। जिन सीएससी आईडी को बंद किया गया है, वह सभी निर्धारित नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के बाद जिला प्रबंधक से संपर्क किया जा सकता है। जिसके पश्चात ही सीएससी आईडी को पुन: सक्रिय करने पर विचार किया जाएगा।