कैंट में 41.63 करोड़ रुपये से बनेगा लघु सचिवालय और केंद्रीय पुस्तकालय
-मंत्री अनिल विज आज रखेंगे आधारशिला, चार मंजिला लघु सचिवालय में एक साथ काम करेंगे दर्जनभर से ज्यादा दफ्तर
फोटो नंबर : 18, 24 व 57
-कार्य कराने के लिए लोगों को नहीं भटकना पड़ेगा अलग-अलग स्थानों पर
-बेसमेंट में सौ से ज्यादा वाहनों के पार्किंग की होगी व्यवस्था, अलग से मल्टीलेवल पार्किंग भी बनेगी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। दो वर्ष पहले गठित हुए अंबाला कैंट सब डिवीजन का अब एक और सपना पूरा होगा। 41.63 करोड़ रुपये की लागत से सब डिवीजन स्तर का चार मंजिला लघु सचिवालय और केंद्रीय पुस्तकालय के निर्माण की नींव सोमवार को रखी जाएगी। अब तक बिखरे पड़े दर्जनभर से अधिक विभिन्न सरकारी कार्यालयों को संगठित कर एक ही छत के नीचे स्थापित किया जाएगा, ताकि भविष्य में जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वर्तमान समय में अंबाला कैंट सब डिवीजन के तहत एसडीएम कार्यालय स्टाफ रोड पर एक अस्थाई व पुराने भवन में चलाया जा रहा है, जहां पर तहसील ऑफिस भी है। इसके अलावा दो अन्य कार्यालय भी यहां पर क्रियांवित किए जा रहे हैं। मगर जगह के अभाव में आए दिन यहां आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हलकी सी बारिश में यहां पानी जमा हो जाता है, जबकि पार्किंग के लिए जगह और अन्य परेशानियां भी हैं। इसी को देखते हुए लघु सचिवालय की प्लान तैयार किया गया। स्टाफ रोड पर ही पुरानी केंद्रीय पुस्तकालय के स्थान को इस परियोजना के लिए चयनित किया गया। अब सोमवार से सचिवालय का निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा।
ये होगी सुविधाएं
-लघु सचिवालय चार मंजिला बनाया जाएगा
-इसमें एक साथ कई कार्यालय स्थापित किए जा सकते हैं
-सचिवालय के हर तल पर कई कमरे होंगे, जिनमें सरकारी कार्यालय बनाए जाएंगे
-इसकी बेसमेंट में 100 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी
-अलग सेे एक मल्टीलेवल पार्किंग भी सचिवालय के पिछली तरफ बनाई जाएगी
-सचिवालय में चार लिफ्ट लगेंगी, सोलर पैनल और अन्य सुविधाएं भी होंगी
-सचिवालय की बिल्डिंग के एक तरफ सरकारी कार्यालय होंगे, जबकि दूसरी ओर केंद्रीय पुस्तकालय होगा
यह प्रमुख भवन होंगे
-सचिवालय में सबसे प्रमुख एसडीएम कार्यालय होगा, यहां पर वाहनों का पंजीकरण, लाइसेंस बनाना, रिन्यू करवाना, आरसी बनाना आदि कार्य किए जाएंगे।
-तहसील कार्यालय होगा जहां पर रजिस्ट्रियों का पंजीकरण, इकरारनामा, इंतकाल व अन्य कार्य होंगे। तहसीलदार, पटवारियों, कानूनगो आदि के लिए भी अलग-अलग चेंबर बनेंगे।
-इसके अलावा भवन में बीडीओ, पुलिस, सीडीपीओ, शिक्षा विभाग, एपीआरओ, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, वेलफेयर विभाग, सहायक कृषि अधिकारी, वन विभाग, रोजगार एवं अन्य कार्याल्य स्थापित किए जाएंगे।
अब तक आ रही ये परेशानी
कैंट में करीब 1.83 लाख आबादी है और लोगों को अपने कार्य कराने के लिए पूर्व में अंबाला सिटी जिला मुख्यालय तक चक्कर लगाना पड़ता था, जो यहां से 14 किलोमीटर दूरी है। बता दें कि इससे पहले अंबाला सिटी में भी लघु सचिवालय का निर्माण कार्य दिसंबर माह में आरंभ हो चुका है।
कोट::::
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज सोमवार को लघु सचिवालय भवन का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कुल 41.63 करोड़ की लागत से चार मंजिला भवन बनेगा। सचिवालय में वाहनों की पार्किंग का विशेष ध्यान रखा गया है। बेसमेंट के अलावा अलग से मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी।
-डीडी कंबोज, एक्सईएन, अंबाला कैंट
लघु सचिवालय में एक तरफ सरकारी कार्यालय होंगे, जबकि दूसरी ओर केंद्रीय पुस्तकालय होगा। यहां दर्जन से ज्यादा विभिन्न सरकारी कार्यालय होंगे। निर्माण होने से लोगों को आने वाले समय में इसका लाभ मिलेगा।
-सुभाष सिहाग, एसडीएम, अंबाला कैंट