फोटो नंबर----32
गांवों में सामूहिक शौचालयों के निर्माण के लिये पंचायतें दें प्रस्ताव : शक्ति
ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की एडीसी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने ग्रामीण विकास से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करें। यह भी कहा कि जो कार्य पूरे हो चुके हैं उनसे संबंधित जानकारी अपडेट करवाएं।
एडीसी सोमवार को अपने कार्यालय में ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए आयोजित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में गौरव पट्ट स्थापित किए जाने हैं उस कार्य को शीघ्र पूरा करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को गांव के गौरवमयी इतिहास की जानकारी मिल सके। जिन गांवों में सामूहिक शौचालयों के निर्माण की वास्तविक आवश्यकता है, ऐसे गांवों की पहचान करके पंचायतों से प्रस्ताव आमंत्रित करें।
ग्राम पंचायत के माध्यम से स्वच्छता संबंधी आवश्यक कार्य करवाने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी करें। गांव से पानी निकासी से संबंधित जो भी योजनाएं हैं, उन पर जल्द कार्य करें। सरकार द्वारा सभी परिवारों के परिवार पहचान पत्र बनाने का काम शुरू किया हुआ है और सरपंचों के माध्यम से इस योजना से संबंधित डाटा जल्द अपलोड करवाएं। डाटा अपलोड करवाने का कार्य गांव में स्थित अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से किया जा सकता है। जिन गांवों में यह सुविधा नहीं है ऐसे गांवों का डाटा खंड स्तर पर बीडीपीओ कार्यालय के माध्यम से अपलोड करवाएं। इस मौके पर डीडीपीओ रेणु जैन, कार्यकारी अभियंता पंचायती राज नवदीप आनंद, बीडीपीओ सुमन कादियान, राजन सिंगला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।