अवैध खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। अवैध खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी व्यक्ति इसमें संलिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने कार्यालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों को दिए।
खनन अधिकारी ने उपायुक्त को बताया कि अवैध खनन को रोकने के लिए विभाग की टीम बनाकर संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों को टीम बनाकर खनन को रोकने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जहां पर भी अवैध खनन की शिकायत मिलती है वहां प्राथमिकता के आधार पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। साथ ही अवैध खनन के कार्य में लगे वाहनों की जांच की जाए। खनन के कार्य में अगर कोई वाहन संलिप्त पाया जाता है तो उसे तुरंत जब्त कर लिया जाए। उसे पूरा किया जाए।
खनन अधिकारी भूपिंद्र सिंह ने बैठक के दौरान उपायुक्त को बताया कि जून माह में 10 अवैध वाहन पकड़े गए, जिन पर जुर्माना करते हुए 2 लाख 45 हजार 600 रुपये की राशि वसूलने के साथ एक पोकलेन मशीन को जब्त करते हुए मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जुलाई के आरंभ में अभी तक चार वाहनों को पकड़ते हुए 61 हजार एक सौ रुपये की राशि वसूली गई है। उन्होंनेे बैठक में जिले के सभी एसडीएम को भी अवैध खनन को रोकने की दिशा में नियमित रूप से चेकिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह, एसडीएम अंबाला शहर सितेंद्र सिवाच, एसडीएम नारायणगढ़ विरेंद्र सिंह, डीएसपी नारायणगढ़ अमित भाटिया, खनन अधिकारी भूपिंद्र सिंह, इंस्पेक्टर सुनिल कुमार, तहसीलदार रमेश अरोड़ा सहित अन्य विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।