सैलजा को 1984 के दंगों का गम सता रहा है तो क्यों नहीं छोड़ देते कांग्रेस : विज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
सिख विरोधी दंगों पर राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा के बयान के बाद स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सैलजा को नैतिकता के आधार पर कांग्रेस छोड़ देने की सलाह दी है। विज ने दिल्ली में हुए सिखों के कत्लेआम के दौरान राजीव गांधी की मौजूदगी और भूमिका की ओर भी इशारा किया है। इसके अलावा विज ने अन्ना हजारे पर भी निशाना लगाया है।
जानकारी मुताबिक विज ने यह बात सैलजा के उस बयान के बाद कही जिसमें सैलजा ने 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों और दिल्ली में हुए कत्लेआम को दुखद करार दिया है। विज ने कहा कि सैलजा को यदि 1984 के दंगों का इतना गम सता रहा है तो वह तुरंत कांग्रेस पार्टी छोड़ दें। खाली बयान देने से अपने दायित्व का निर्वाह नहीं होता। सरेआम इसमें बयान आ चुके हैं कि उस दौरान राजीव गांधी भी कार में खुलेआम घूमे और उन्होंने अपनी आंखों से कत्लेआम देखा था। राजीव गांधी ने सरेआम हर चैनल पर बयान दिया था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। शायद यह सैलजा को याद नहीं है। अनिल विज ने गांधीवादी विचारक अन्ना हजारे पर भी निशाना साधा। विज ने कहा कि केजरीवाल जैसा प्रोडक्ट देने के बाद अब अन्ना हजारे अपने कार्यकर्ताओं से राजनीति में न जाने के एफिडेविट लेने की बात कर रहे हैं।