यहां पुलिस की नहीं, बस चालकों की चलती है मर्जी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। अंबाला कैंट फ्लाईओवर के नीचे से बसों द्वारा सवारियां उठाने और उतारने के निर्देशों पर कुछ दिनों की कार्रवाई के बाद फिर से वही हालात बन चुके हैं। सवारियां भी इसी जगह पर बसों का इंतजार करती हैं, जबकि हालात में कोई ज्यादा बदलाव नहीं आया है। लोग भी कहते हैं सिर्फ दिखावे की कार्रवाई कुछ दिनों के लिए हुई, जबकि बाद में स्थिति फिर से बदहाल हो चुकी है। दूसरी ओर ऑटो चालकों द्वारा आधी सड़क तक वाहन खड़ा कर सवारियों का इंतजार करना भी जनता की परेशानी बढ़ा रहा है। यह स्थिति सुधरने की बजाए और बिगड़ रही है।
यह है स्थिति
प्रशासन ने अंबाला कैंट फ्लाईओवर के नीचे (दिल्ली की ओर जाते हुए) एक प्वाइंट पर बसों द्वारा सवारियां बैठाने और उतारने के लिए बसों पर ब्रेक लगाई जाती है। इस प्वाइंट पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती, जबकि स्टाफ रोड पर भी इसके कारण वाहन कतारों में लगे रहते हैं। इसी प्वाइंट पर प्रशासन ने बस चालकों द्वारा सवारियां उतारने और बैठाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जबकि फ्लाईओवर के अन्य प्वाइंट पर भी यही स्थिति है। इस कारण से यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जबकि कार्रवाई के नाम पर मात्र खानापूर्ति की जा रही है। खास बात है कि इस फ्लाईओवर के नीचे सवारियां बसों का इंतजार करती हैं। जब तक यह सिलसिला नहीं थमता, तब तक हालात नहीं बदलने वाले।
ऑटो चालक बढ़ा रहे परेशानी
ट्विन सिटी में ऑटो स्टैंड भी लोगों की परेशानियां बढ़ा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस की माने तो कोई ऐसी जगह मान्य नहीं है, जहां पर यह ऑटो लगा सकें। यही कारण है कि यह ऑटो चालक ट्विन सिटी में जगह-जगह अपने वाहन खड़ा कर परेशानी बढ़ा रहे हैं। ट्विन सिटी में करीब आठ से दस प्वाइंट ऐसे हैं, जहां पर यह ऑटो चालक खड़े होते हैं।
प्रशासन करे ठोस कार्रवाई
सिटी के रहने वाले राजेश कुमार, अमित भठेजा, दीपक राज, जगजीत सिंह, कैंट के अमरजीत सिंह, अमरीक सिंह, पंकज कुमार, दिनेश यादव ने कहा कि फ्लाई ओवर के नीचे तो बुरा हाल है, जबकि बसें सवारियां यही से उठाती और उतारती हैं। कई बार तो वाहनों की लाइनें तक लग जाती हैं। दूसरी ओर ऑटो चालक भी आधी सड़क तक अपने वाहन खड़े कर सवारियों का इंतजार करते हैं। अगर सख्ती करते हैं तो धरने पर उतर आते हैं। इस मामले में ठोस कार्रवाई तो की जाए, ताकि लोगों को राहत मिले।
10 प्वाइंट्स पर तैनात होंगे कर्मचारी
सिटी के पांच और कैंट के पांच प्वाइंट पर कर्मचारी व अधिकारी तैनात होंगे, जो नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई करेंगे। फ्लाईओवर के नीचे और सख्ती की जाएगी, जबकि आटो चालकों की भी मीटिंग बुलाई जाएगी, ताकि अन्य वाहन चालकों को आने वाली परेशानियों को दूर किया जा सके।
- सोमेश कुमार, एसएचओ ट्रैफिक पुलिस अंबाला