अंबाला कैंट। गुप्त सूचना के आधार पर पड़ाव पुलिस ने जीटी रोड पर नाकाबंदी कर चोरी की एक मोटरसाइकिल सहित युवक को काबू किया है। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान करनाल जिले के गांव मोरगैन निवासी बंसी उर्फ बंटी के तौर पर हुई है। आरोपी को अब अदालत में पेश किया जाएगा।
पड़ाव थाने में तैनात एएसआई जंगशेर सिंह व अन्य टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की एक बाइक को अंबाला में बेचने के लिए कुछ युवा आ रहे हैं। इसपर पुलिस ने जीटी रोड पर दुखेड़ी पुल के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में एक युवक स्पलेंडर बाइक पर आता नजर आया। पुलिस ने जब पूछताछ की तो युवक ने अपना नाम बंसी उर्फ बंटी बताया। पुलिस ने जब मोटर साइकिल के कागज मांगे तो बंसी ने एक आरसी दिखाई जिसपर नाम मिटा हुआ था। पूछताछ में बंसी ने बताया कि यह बाइक उसके मामा सिकंदर ने चोरी की थी और बाइक को बेचने के लिए वह अंबाला आ रहा था। बंसी को गिरफ्तार कर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।