लगाए जाएंगे एक लाख दो हजार पौधे : सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जहां हम अधिक से अधिक पौधे लगाएं, वहीं पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। स्वच्छ पर्यावरण से जहां हम बीमारियों से दूर रहेंगे, वहीं अन्य समस्याओं से भी निजात पाएंगे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2018-19 के दौरान जुलाई, अगस्त एवं सितंबर में हरियाणा सरकार द्वारा अनुमोदित स्कीमों के तहत पर्यावरण की सुरक्षा एवं उनकी बढ़ोत्तरी के लिए बड़े पैमाने पर पौधरोपण किए जाने का लक्ष्य है। इसके तहत पंचायती भूमि में 14400, हर गांव में ‘पेड़ों की छांव स्कीम’ के तहत 3000 तथा ‘हर घर हरियाली’ स्कीम के तहत 20 हजार पौधे लोगों के घरों में लगाए जाने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त सरकारी भूमि पर भी कुल एक लाख दो हजार पौधे लगाए जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि वनों को बढ़ावा देने व पौध रोपण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कई योजनाएं सरकार द्वारा शुरू की गई हैं। नारायणगढ़ वन रेंज के अंतर्गत हर वर्ष विभिन्न स्कीमों के तहत सरकारी, पंचायती, मिलकीयत की जमीनों पर पौधरोपण किया जाता है।
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2017-18 के दौरान विभिन्न पंचायतों जैसे कि बख्तुआ, कोहडा भूरा, नगोली, लालपुर इत्यादि में 27500 पौधे लगाए गए। इसी प्रकार हर गांव पेड़ों की छांव स्कीम के तहत 3300 पौधे तथा सरकारी संस्थानों में 1000 पौधे लगाए गए। सरकारी जमीन पर भी कुल 78950 पौधे लगाए गए। इसके अलावा मात्र एक रुपये प्रति पौधा की न्यूनतम दर से एक लाख पौधे आमजन को दिए जाने हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौध रोपण करें।