अंबाला। थाना अंबाला छावनी के क्षेत्र गांव दलीपगढ़ में हुई दहेज हत्या के मामले में गत दिवस पुलिस ने आरोपी सुमीत पाहवा निवासी डिफेंस कालोनी सेक्टर-बी अंबाला छावनी को उसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। शिकायतकर्ता हरिश निवासी गांव दलीपगढ़ अंबाला छावनी ने गत दिवस थाना अंबाला छावनी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी सुमित पाहवा व आरोपित महिला मिलकर उसकी पुत्री से दहेज लाने की मांग करते रहे, जिससे तंग आकर उसकी पुत्री ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दुराचार पर गर्भपात की कोशिश करने वाला गिरफ्तार
अंबाला। महिला पुलिस थाना अंबाला में दर्ज महिला दुराचार व गर्भपात कराने की कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार किया। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पीड़ित महिला ने महिला पुलिस थाना अंबाला में शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी ने 14/15 फरवरी 2017 को उसके साथ दुराचार किया। आरोपी ने एक अन्य डॉक्टर के साथ मिलकर उसका गर्भपात कराने की कोशिश की है। इस शिकायत पर महिला पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है।
जान से मारने की धमकी देने पर मामला दर्ज
अंबाला। मुलाना पुलिस ने जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि आरोपी अजय कुमार ने उसे रंजिशन जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद से वह दहशत में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति लापता
अंबाला। थाना अंबाला छावनी में पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर एक व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला दर्ज कराया है। बोह रोड निवासी महिला ने बताया कि उसका बेटा हरविंदर सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गया। उसके बारे में रिश्तेदारी व अन्य जगह पर पूछताछ की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।