गांवों में बसों का रात्रि ठहराव न होने से 55 हजार यात्री होंगे प्रभावित
तरुण अग्रवाल
अंबाला सिटी। परिवहन विभाग के दिए मौखिक आदेशों ने एक बार फिर से जनता को असमंजस में डाल दिया है। विभाग की ओर से जारी मौखिक आदेश के अनुसार जिले के गांवों में रात को गांवों में बसों का ठहराव नहीं होगा। इनकी पालना के लिए हरियाणा के कई जिलों में आदेश जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही अंबाला डिपो में भी इन आदेशों को जारी किया जा सकता है। जैसे ही यह आदेश जारी होंगे तो प्रतिदिन गांवों में रुकने वाली अंबाला डिपो की 55 बसें गांवों में न तो रात को जाएंगी और न ही सुबह आएंगी। इसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों के 55 हजार यात्रियों पर पड़ेगा, जो रोज अपने कार्यों के लिए सुबह की बस पकड़ते हैं या रात को लेट घर पहुंचते हैं।
इस रूटों के यात्री होंगे प्रभावित
जिले के गांव इस्मालाबाद, जंधेड़ी, नयारसी, जगोली, नन्यौला, रायपुरानी, मुलाना, बराड़ा, नारायणगढ़, सढोरा, मालवा, बडोला के साथ अन्य रूटों से प्रतिदिन शहर आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
यह लोग होंगे प्रभावित
- गांवों से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी शहर में पढ़ाई करने के लिए कॉलेज व स्कूल आते हैं, लेकिन सुबह बसों की व्यवस्था न होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। ऐसे ही कई विद्यार्थी पढ़ाई के साथ काम भी करते हैं जोकि शाम को शहर से बस पकड़ कर अपने घर जाते हैं उन्हें भी रात के समय परेशानी झेलनी पड़ेगी।
- बस व्यवस्था बंद होने से मरीजों के लिए परेशानी बढ़ेगी। अधिकतर मरीज चंडीगढ़, अंबाला सिटी व कैंट इलाज करवाने के लिए अलसुबह ही बसों से निकल जाते हैं। बस व्यवस्था न होने से मरीजों को या तो अपने वाहन का सहारा लेना होगा या लेट आने वाली बसों को पकड़ना पड़ेगा।
- कई गांवों के निवासी सुबह व्यावसायिक कार्य शहर में करने के लिए जल्दी निकलते हैं और रात को घर के लिए बसों का सहारा लेकर जाते हैं। इससे उनकी जिंदगी प्रभावित होगी।
-------------
यह है स्थिति
जिले के डिपो में कुल 204 बसें हैं, जिसमें से 177 चल रही हैं। 8 बसें इंजन ठीक के लिए, 8 पंप के लिए, 1 बस ब्लैक रेज के लिए, 1 बस डीस न्यास के लिए तथा नौ बसों को कंडम घोषित करने के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही अंबाला डिपो में 304 चालक और 316 परिचालक हैं जोकि बसों का संचालन करते हैं।
-----------
पेपर के बाद अंबाला में भी जारी हो सकते हैं आदेश
दो दिसंबर को सब इंस्पेक्टर के पद के लिए होने वाली परीक्षा के बाद अंबाला जिले के डिपों में भी इन आदेशों को लागू किया जा सकता है। इसके लिए विभाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं और व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए प्लान भी बनाया जा रहा है। लेकिन, आदेश जारी होती ही यात्रियों का परेशान होना लाजिमी है।
कोट
अभी तक कोई भी लिखित आदेश नहीं आए हैं। जब आएंगे तो उस पर अमल किया जाएगा।
-राजकिशन, एसआई, अंबाला सिटी।