फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

- गेहूं की सरकारी खरीद का पहले दिन नहीं हुई खरीद -

विज्ञापन
विज्ञापन
मंडी में गेहूं भीगा तो सात दिन के लिए आढ़ती का लाइसेंस होगा सस्पेंड
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला।
सरकारी खरीद के पहले दिन यानि रविवार को गेहूं में नमी की मात्रा ज्यादा होने से खरीदारी नहीं हुई, लेकिन व्यवस्था बनाने को लेकर अधिकारियों, आढ़तियों और किसानों में मंथन जरूर हुआ। निर्देश के मुताबिक कैंट अनाज मंडी (बुहावा गांव) में यदि किसी किसान की गेहूं बारिश में भीग जाती है, तो आढ़ती का लाइसेंस सात दिनों के लिए सस्पेंड होगा। इसके अलावा किसानों-आढ़तियों की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए सब कमेटी का गठन भी किया गया है। वहीं दूसरी ओर लिफ्टिंग की समस्या से निपटने के लिए जिला की सबसे बड़ी सिटी अनाज मंडी में जहां बीते साल की अपेक्षा 50 ट्रक अतिरिक्त लगाए जाएंगे, वहीं नारायणगढ़ में 15 अतिरिक्त ट्रकों का भी बंदोबस्त किया गया है। गेहूं की खरीद बेशक रविवार से शुरू हो गई है, लेकिन इसमें नमी की मात्रा ज्यादा पाई गई। किसान मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे, इस दौरान अधिकारियों ने चेक किया तो पाया कि नमी की मात्रा ज्यादा है, जिसके कारण खरीद नहीं हो पाई। उल्लेखनीय है कि सरकार ने नमी की मात्रा करीब 12 प्रतिशत तय की है, जबकि मंडी में अभी तक पहुंची गेहूं में नमी की मात्रा इससे कहीं अधिक पाई गई।

कमेटी करेगी किसानों-आढ़तियों की समस्या का समाधान
गेहूं खरीद को लेकर गांव बुहावा स्थित कैंट की अनाज मंडी में आढ़तियों की बैठक हुई। बैठक में किसानों आदि की समस्या के लिए जहां सबकमेटी का गठन किया गया, वहीं आढ़तियों से भी बातचीत हुई। नई अनाज मंडी कैंट के मार्केट कमेटी सचिव कृष्ण कुमार मलिक ने बताया कि आढ़तियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे करैट, झरने, पंखें, तिरपाल आदि की व्यवस्था करें। आढ़तियों को सख्त हिदायत दी गई कि अगर किसी किसान की गेहूं की ढेरी नई अनाज मंडी अंबाला छावनी में बरसात के दौरान भीगती है, तो संबंधित आढ़ती का लाइसेंस सात दिन के लिए सस्पेंड कर दिया जाएगा। इसी तरह एक सब कमेटी का गठन भी किया गया है, जो किसानों व आढ़तियों की समस्याओं का समाधान करेगी।
विज्ञापन


इस कमेटी में मार्केट कमेटी के मंडी सुपरवाइजर एसआर कलसी, कोआपरेटिव सोसाइटी मैनेजर गुरविंदर कौर, खाद्य पूर्ति विभाग से निरीक्षक दीपक, आढ़ती राजकरण बबली और किसान जंग बहादुर शाहपुर को रखा गया है। अगर इस सब कमेटी से समस्या का समाधान न हुआ तो फिर सचिव, मार्केट कमेटी अंबाला छावनी, डीएफएससी अंबाला, डीएम हैफेड अंबाला, चेयरमैन मार्केट कमेटी अंबाला छावनी और उप-चेयरमैन मार्केट कमेटी अंबाला छावनी निपटारा करेंगे। बैठक के दौरान मार्केट कमेटी के चेयरमैन बलविंद्र सिंह, ऑक्शन रिकॉर्डर तिलक राज, ओम प्रकाश अनाज मंडी प्रधान, मार्केट कमेटी के उप चेयरमैन सन्नी आनंद, रविंद्र शर्मा, हरजिंद्र सिंह सेठी, राजेंद्र सिंह सेठी, राज मोहन राणा, सुशील गोयल, नितिज सेठी, निर्मल सिंह, राजेंद्र सेठी, सतनाम, गुरप्रीत, संजय सिंगल, अजय आदि मौजूद रहे।

लिफ्टिंग : कैंट में 70 तो नारायणगढ़ में लगेंगे 50 ट्रक
जिला की सबसे बड़ी अंबाला सिटी अनाज मंडी और नारायणगढ़ अनाज मंडी में हर साल आने वाली लिफ्टिंग की समस्या से निपटने के लिए भी तैयारियां की गई हैं। माना जा रहा है कि गेहूं की बंपर फसल होने की उम्मीद है, जबकि मंडियों में आवक में एकदम तेजी आएगी। अंबाला सिटी अनाज मंडी में इस बार करीब 50 ट्रक अतिरिक्त लगाए जा रहे हैं, जबकि यह संख्या बीते सीजन में 20 के आसपास थी। इसी तरह नारायणगढ़ अनाज मंडी की बात करें, तो यहां पर बीते साल 35 ट्रकों की व्यवस्था थी, जबकि अब 15 अतिरिक्त ट्रकों का बंदोबस्त किया गया है, ताकि लिफ्टिंग की समस्या न हो।


सिटी मंडी में बिगड़ेंगे हालात
जिला की सबसे बड़ी अंबाला सिटी अनाज मंडी में बीते साल करीब 9.82 लाख क्विंटल गेहूं की आमद हुई थी, जबकि इस दौरान भी हालात काफी बिगड़े थे। इस बार भी ऐसे ही हालात दिखाई दे रहे हैं। मंडी के करीब ही लगभग चौदह एकड़ जमीन पर झुग्गी झोंपड़ी का कब्जा था, जबकि इसे बीते साल हटाया गया। इसके बाद हुडा विभाग द्वारा इस जमीन को मार्केट कमेटी को सौंपा जाना था। लेकिन यह कागजी प्रक्रिया में अभी उलझी हुई है। इसी कारण से मंडी में गेहूं की आवक अत्यधिक होने के कारण इस जमीन पर फसल को रखा नहीं जा सकता। इसी कारण से मार्केट कमेटी ने इस साल भी हुडा विभाग के सेक्टर आठ स्थित मैदान को आवश्यकता पड़ने पर इस्तेमाल की तैयारी की है।

इधर खरीद शुरू, तो नारायणगढ़ मंडी में पैचवर्क
इधर, गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है, जबकि नारायणगढ़ मंडी में सड़कों का पैचवर्क अब शुरू किया गया है। यह कार्य मार्केटिंग बोर्ड द्वारा किया जा रहा है, जिसे लेकर नारायणगढ़ अनाज मंडी एसोसिएशन में रोष है। एसोसिएशन प्रधान अशोक अग्रवाल का कहना है कि एसोसिएशन ने मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता को मार्केट कमेटी नारायणगढ़ के सचिव के मार्फत एक पत्र भेजा था जिसमें नई विस्तार मंडी में सड़क बनाने तथा अनाज मंडी में दुकानों के पीछे आरसीसी फर्श डालने की मांग की थी। इससे मंडी में आने वाले गेहूं की ढेरियां लगाने में आढ़तियों को परेशानी न हो। प्रधान के अनुसार बोर्ड ने उनके लिखे पर तो कोई गौर नहीं की परंतु मंडी की सड़क पर मोटी बजरी के पैचअप लगाने शुरू कर दिया है। इससे यह सारी बजरी पल्लेदारों द्वारा गेहूं की भराई करते समय बोरियों में ही चली जाएगी। जितना खर्च पैचवर्क पर किया जा रहा है, उससे कहीं बेहतर होता कि नई सड़क ही बना दी जाती। बोर्ड के जेई अनिल कुमार के अनुसार मंडी में लगाए गए पैचअप को वे एक आधा दिन में साफ-सफाई कर सड़क के लेवल का बना देंगे।


पिछले साल लिफ्टिंग के लिए 20 ट्रक लगाए गए थे, जबकि अब लगभग 70 ट्रक लगाए जाएंगे। इससे कम से कम लिफ्टिंग की समस्या का समाधान तो होगा। फिलहाल करीब चौदह एकड़ जमीन और मार्केट कमेटी को मिल जाती है, तो राहत मिलेगी, जबकि इसकी प्रक्रिया चल रही है। - भारत भूषण अग्रवाल, मार्केट कमेटी उपप्रधान

गेहूं खरीद के लिए व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं, जबकि जमीन के ट्रांसफर की प्रक्रिया अभी चल रही है। यदि आवश्यकता पड़ती है, तो डीसी से बातचीत कर हुडा के सेक्टर आठ स्थित मैदान को भी इस्तेमाल किया जा सकता है। - धर्मेंद्र पाल, सचिव मार्केट कमेटी सिटी
विज्ञापन


नारायणगढ़ में लिफ्टिंग की समस्या नहीं रहेगी। पिछले साल करीब 35 ट्रक लगे थे, जबकि इस बार 50 ट्रक लगाए जाएंगे। इसके अलावा खरीद के लिए पूरी तैयारी है, परेशानी नहीं आने दी जाएंगी। - मोहन लाल, इंचार्ज हैफेड नारायणगढ़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें