साइकिल ट्रैक परियोजना पंक्चर, अब नई सड़क तलाशेगा बोर्ड
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा सैन्य क्षेत्र में साइकिल ट्रैक के लिए बनाई जाने वाली अलग लेन की परियोजना पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। इस रोड पर ट्रैक बनाने की योजना थी। यहां हैवी ट्रैफिक को देखते हुए इसे रद्द कर दिया गया है। तर्क है कि साइकिल चलाने वालों के लिए यह रोड सुरक्षित नहीं होगी। अब किसी अन्य रोड की तलाश बोर्ड कर रहा है।
कैंटोनमेंट बोर्ड ने बीते वर्ष साइकिलिंग के लिए अलग से ट्रैक का निर्माण करने की योजना बनाई थी। मकसद था कि सेना क्षेत्र में फिटनेस के शौकीनों के लिए जगह उपलब्ध हो सके। सुबह, शाम यहां पर साइकिल उपलब्ध कराने की भी योजना थी। करीब दो करोड़ रुपये की इस योजना के लिए डूरंड रोड को चुना गया था। डूरंड रोड पर तोपखाना क्षेत्र से एलेक्जेंड्रा रोड तक यह ट्रैक बनाना था। मुख्य रोड के साथ अलग ट्रैक बनना था। बरसाती पानी के लिए ट्रैक के साइड में गहरे गड्ढे भी किए जाने थे। अब सेना से चर्चा के बाद डूरंड रोड पर ट्रैक बनाने का प्रपोजल फिलहाल विड्रॉ कर लिया है। सेना का तर्क है कि इस रोड पर अब ट्रैफिक ज्यादा है। यह रोड ट्रैक के लिए उपयुक्त नहीं है।
अब अन्य रोड पर बनेगा ट्रैक
बोर्ड ने पटेल पार्क रोड, पैटरसन स्क्वेयर रोड, खड्गा कैंटीन रोड सहित अन्य रोड पर अब इस ट्रैक के लिए सर्वे करेगा। जो भी रोड उपयुक्त पाई गई, वहां पर साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जाएगा।
डीजी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं जांची
डिफेंस इस्टेट के डायरेक्टर जनरल यज्ञेश्वर शर्मा ने वीरवार को अंबाला कैंटोनमेंट क्षेत्र का निरीक्षण किया। स्टाफ रोड पर स्थित स्पेशल बच्चों के लिए बने वात्साल्य स्कूल की व्यवस्थाओं को देखा। डीजी शर्मा ने यहां पर बने स्केटिंग रिंग का उद्घाटन किया और कमरों का मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल में दाखिले के लिए किसी भी बच्चे से इनकार न करें। यहां उनके लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं होनी चाहिए। इसके बाद डीजी ने तोपखाना में सम्मान केंद्र में फिजियोथैरेपी सेंटर का उद्घाटन किया। यहां के बाद डीजी ने तोपखाना क्षेत्र में ही निर्माणाधीन लेक का मुआयना किया। इस दौरान बोर्ड के सीईओ वरूण कालिया, उपाध्यक्ष अजय बवेजा, पार्षद आशीमा आदि मौजूद रहे।