मिलावटी घी बेचने का आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना/बराड़ा।
नकली रैपर लगाकर मिलावटी देसी घी बेचने के आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने नकली मार्का लगे मिलावटी देसी घी के करीब चालीस टिन बरामद किए हैं।
शिकायतकर्ता राजकुमार निवासी अंसल, पानीपत ने पुलिस को लिखित शिकायत में बताया था कि एक व्यक्ति जिला अंबाला क्षेत्र में हरियाणा फ्रेश देसी घी कंपनी का जाली मार्का लगाकर नकली देसी घी बेचने का कार्य करता है और वह बराड़ा के क्षेत्र में नकली घी गाड़ी में लादकर बेचने के लिए आएगा। मामले की जिम्मेवारी सीआईए-2 को सौंपी गई थी। शिकायत पर सीआईए ने कार्रवाई करते हुए जिला खाद्य आपूर्ति विभाग अंबाला के अधिकारियों सहित थाना बराड़ा के क्षेत्र अनाज मंडी बराड़ा के मुख्य द्वार के पास एक गाड़ी में लदे हरियाणा फ्रेश देसी घी मार्का के 40 टिन नकली देसी घी सहित चालक जय सिंह निवासी रतिया, जिला फतेहाबाद को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया।