अंबाला। ट्रांसफार्मर से अज्ञात ने 165 लीटर तेल चोरी कर लिया। इससे बिजली निगम को 27 हजार 945 रुपये का नुकसान हुआ है। बिजली निगम सिटी के उपमंडल अधिकारी एसडी गौतम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उपमंडल अधिकारी ने बताया कि 10 और 11 नवंबर की मध्य रात्रि नग्गल गांव में करनैल सिंह के खेत में लगे 100 किलोवाट के ट्रांसफार्मर से तेल चोरी किया गया था।
मोबाइल टावर से सामान ले गए चोर
अंबाला सिटी। लक्कड़ बाजार में लगे मोबाइल टावर से सामान चोरी हो गया। पुलिस ने खेडी रंगडान यमुनानगर निवासी और कंपनी के सुपरवाइजर राव कासिम की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। सुपरवाइजर ने बताया कि उनकी कंपनी टावरों की सुरक्षा का कार्य करती है। 10/11 नवंबर की रात को एक बजे के करीब लक्कड़ बाजार के पास लगे टावर से सामान चोरी कर लिया गया।
झपटमारी करने के तीन आरोपी काबू
अंबाला। रेलवे स्टेशन के बाहर श्रमिक से झपटमारी करने वाले तीन आरोपियों को सीआईए-2 की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सिटी के बिरजू कोठी निवासी हरजीत सिंह उर्फ गुड्डु, केसरी गांव निवासी प्रिंस कुमार और सुंदर नगर निवासी जय प्रकाश उर्फ बंगाली के तौर पर हुई है। आरोपियों को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पंजाब के लुधियाना में ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक जय राम ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 13 नवंबर को कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर पुल के नीचे आरोपियों ने 4500 रुपये छीन लिए थे।