प्याज और टमाटर का होलसेल रेट मंडी में लिखवाएं : मलिक
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। सचिव कृष्ण मलिक ने सोमवार को अंबाला छावनी सब्जी मंडी के आढ़तियों के साथ बैठक की। इसमें हरियाणा सरकार की किसानों के लिए चलाई गई भावांतर भरपाई योजना के बारे में बातचीत हुई। मार्केट कमेटी अंबाला छावनी सचिव और कार्यकारी अधिकारी कृष्ण कुमार मलिक ने बताया कि प्याज और टमाटर के संबंधित आढ़ती सुबह 8.30 बजे तक प्याज और टमाटर की बोली का होलसेल रेट हर हाल में लिखवाएं।
उन्होंने बताया की 28 फरवरी तक मार्केट कमेटी अंबाला छावनी ने कुल 182 किसानों ने भावांतर भरपाई योजना के लिए पंजीकरण कराया है। इसमें प्याज के 72, टमाटर के 86, और दोनों के 24 किसान हैं। सचिव ने बताया कि प्रदेश भर में प्याज और टमाटर के लिए कुल 10500 किसानों ने पंजीकरण कराया। वेरिफिकेशन करने के बाद कुल 9438 किसान प्रदेश भर में रह गए हैं। प्याज का संरक्षित मूल्य हरियाणा सरकार ने 500 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है। इसकी बिक्री का समय एक अप्रैल से 31 मई तक होगा। टमाटर का संरक्षित मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसका बिक्री का समय एक अप्रैल से 15 जून तक रहेगा। इस अवधि के दौरान यदि किसी पंजीकृत किसान की प्याज या टमाटर कम भाव में बिकते हं,ै तो उसकी भरपाई सरकार करेगी। उन्होंने बताया कि बीबीवाई पोर्टल पर प्रतिदिन ऑनलाइन रेट आएगा। बैठक के दौरान सचिव ने आढ़तियों को यह भी जानकारी दी कि हरियाणा से प्याज और टमाटर का 30 मंडियों का रेट और हरियाणा के साथ लगती दूसरे प्रदेशों की 30 मंडियों का रेट लेकर सरकार की गठित कमेटी एक रेट तय करेगी। यह रेट प्रतिदिन 11 बजे बीबीवाई पोर्टल पर देखा जा सकता है। बीबीवाई पोर्टल पर प्रतिदिन प्याज और टमाटर का जो रेट आएगा, उसके हिसाब से संरक्षित मूल्य के अंतर की भरपाई सरकार करेगी। यह रकम किसान के खाते में ऑनलाइन डाली जाएगी। बैठक के दौरान मार्केट कमेटी के मंडी सुपरवाइजर आरके सैनी, नीलामी अभिलेखक निर्मल सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर शिव प्रसाद और सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान अमृतलाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सजय बहल, सतीश सहगल, परमजीत सिंह बतरा, रमेशचंद, बिटू, रिंकू, जोनी, राजू, यशपाल बख्सी, दारा, राजा, टोनी, राकेश आदि आढ़ती मौजूद रहे।