छत के रास्ते घुसे चोर, एक ही रात में तीन दुकानों में सेंध लगा ले गए एक लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
सिटी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया और नकदी समेत सामान भी ले उड़े। शनिवार सुबह दुकान मालिक जब आए तो चोरी का पता चला। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है।
सर्राफा बाजार में मोहिंदर पाल एंड संस के नाम से हार्डवेयर की दुकान के मालिक सुशील कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार को नियमित तौर दुकान बंद कर घर सेक्टर 8 चले गए। शनिवार सुबह दुकान खोली तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। सेफ को तोड़ दिया गया था और गल्ले को भी तोड़ कर उसमें करीब 50 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। सीसीटीवी कैमरों को ऊपर की तरफ मोड़ा हुआ था और उसका डीवीआर गायब था। ऊपर जाकर देखा तो पता चला कि चोर छत के रास्ते ऊपर का दरवाजा तोड़ कर दाखिल हुए और ऊपरी मंजिल में लगा शटर तोड़कर नीचे आए। सुशील का कहना है कि कुछ समय पहले भी उनकी दुकान में चोर दाखिल हुए थे पर वह ऊपरी मंजिल पर लगे शटर को तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाए थे।
दूसरी वारदात
चोरों ने दूसरी वारदात संत राम, सुभाष चंद एंड संस दुकान में की। यहां चोर छत के रास्ते से दीवार तोड़ कर दाखिल हुए और सेफ तोड़ कर करीब 10 हजार का कैश लेकर फरार हो गए। इसके अलावा कुछ समान को भी चोरी किया गया है। दुकान मालिक अनिल मित्तल निवासी छोटी सब्जी मंडी का कहना है कि चोरी में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
तीसरी वारदात
चोरों ने तीसरी वारदात को रूला राम एंड संस में अंजाम दिया। यहां भी चोर छत के रास्ते से ग्रिल को उखाड़ कर दाखिल हुए और सेफ को तोड़ कर करीब 50 हजार की नकदी उठा कर ले गए। दुकान के मालिक सुरेश कुमार और उनके बेटे विशाल का कहना है कि गल्ले में करीब 50 हजार रुपयेे थे जो रूटीन में अगले दिन कारोबार के लिए छोड़ा जाता है।
चोरी के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। चौकीदार से पूछताछ की जा रही है। चोरों का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -हरपाल सिंह, तीन नंबर चौकी इंचार्ज