मानहानि केस : कोर्ट में पेश नहीं हुए जगदीप सिंह सोढी, अब कराई जाएगी मुनादी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
मानहानि के मामले में अदालत में पेश नहीं होने पर पटियाला निवासी जगदीप सिंह सोढी को अदालत में पेश करने के लिए अब मुनादी कराई जाएगी। अदालत ने इस मामले में आगामी 24 मई को पेश होने के आदेश जारी किए हैं। मामले में रिटायर्ड इंस्पेक्टर अंबाला कैंट फतेह सिंह सहित पांच मुलाजिमों ने जगदीप सोढी पर दस लाख रुपये का दावा बीते वर्ष ठोका था। अदालत में मामले की सुनवाई चल रही थी, मगर जगदीप अदालत में पेश नहीं हो रहा था। अब मुनादी कराकर उसे पेश करने के आदेश जारी किए हैं। बता दें कि जगदीप सोढी ने ही कुछ दिन पहले ही स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के भतीजे व अन्य के खिलाफ खिलाफ पटियाला में फ्रॉड का केस दर्ज कराया था।
रिटायर्ड इंस्पेक्टर फतेह सिंह और अन्य ने जगदीप सोढी पर दस लाख का दावा ठोका था। फतेह सिंह ने बताया कि उन पर सोढी द्वारा गलत आरोप लगाए गए। असल मामला कई साल पुराना है। साल 2005-06 में पड़ाव थाने में वह एसएचओ थे जब जगदीप सोढी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जानकारी मुताबिक जगदीप सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक कंपनी के ट्रक चालक से मारपीट कर उसका ट्रक अपने कब्जे में ले लिया था। दावा है कि कंपनी मालिक से जगदीप और अन्य ने लाखों कर रकम लेनी थी, मगर यह रकम लेने के लिए गलत तरीका अपनाया गया था। मामला अदालत में गया, मगर अदालत से जगदीप और अन्य बरी हो गए थे। बाद में जगदीप और अन्य ने फिर कंपनी मालिक पर अदालत में मामला दायर करते हुए पुलिस को भी पार्टी बना लिया था। कुछ वर्ष बाद यह मामला भी समझौते के बाद समाप्त हो गया था। मगर इस दौरान कई वर्ष तक उन्हें व अन्य पुलिस मुलाजिमों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी थी। इसी को लेकर अब बीते वर्ष मानहानि का केस दायर किया था।