पेंशन कर्मचारियों के आश्रितों को कैशलेस मेडिक्लेम सुविधा देने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
एक्स पुलिस ऑफिसर सोशल वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से एसोसिएशन कार्यालय में मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संरक्षक बलबीर राठी ने की। इस अवसर पर प्रधान राजेंद्र कौशिक, रणबीर शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने सदस्यों को संबोधित किया।
मीटिंग में सरकार द्वारा कैशलेस मेडिक्लेम की सुविधा सभी पेंशन कर्मचारियों के आश्रितों को देने की मांग की गई तथा सभी बीमारियों में पूर्ण कैशलेस सुविधा प्रदान की भी मांग की गई। इस दौरान एसोसिएशन सदस्यों ने कहा कि फिक्स मेडिकल भत्ता जो कर्मचारियों एवं पेंशनर को मात्र पांच सौ रुपये दिया जा रहा है वह पर्याप्त नहीं है जिसे बढ़ाकर कम से कम दो हजार रुपये प्रति माह किया जाए। कई कर्मचारियों द्वारा यह भी बताया कि उन्हें एसीपी का लाभ उनकी भर्ती की तिथि के अनुसार नहीं दिया गया जबकि उनके कनिष्ठ कर्मचारियों को यह सुविधा प्रदान की जा चुकी है। इस संबंध में कई कर्मचारी संबंधित पुलिस अधिकारियों से मिलकर गुहार लगा चुके हैं लेकिन इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। इस अवसर पर ओमप्रकाश, राजपाल सिंह, जसमेर सिंह, यशपाल राणा, वेदप्रकाश, देवीचंद, बलजीत सिंह, बलवंत सिंह, जगदीश लाल, अशोक कुमार, मसीह जोन आदि लगभग 70 सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे।