अंबाला सिटी। निकटवर्ती गांव बडौला में पैतृक जमीन को लेकर दो सगे भाइयों में आपस में विवाद हो गया। इसी जमीन के बंटवारे को लेकर शुक्रवार को दोनों भाइयों और उनके परिवारों के बीच टकराव हो गया और जमकर मारपीट हुई। हालात यह रहे कि इससे दोनों पक्षों के लोग घायल हुए। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान एक दूसरे पर तलवार से हमला किया गया। सूचना पाते ही सदर थाना पुलिस के एसएचओ राजेश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव बडौला के गुलशेर सिंह और अंग्रेज सिह आपस में सगे भाई हैं। इनके पास एक पैतृक जमीन है जिसके बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते शुक्रवार की सुबह दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया, जिसमें गुरमीत सिंह उर्फ मिट्ठू, नरेश और दोनों पक्षों के कई अन्य लोगों को चोटें आई हैं। सूचना पाते ही एसएचओ सदर थाना राजेश मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।