स्टेंट डालने के बाद विधायक राणा स्वस्थ, बोले यमुनानगर में भी बने ऐसा हार्ट सेंटर
फोटो नंबर : 31
-हार्ट में परेशानी होने पर अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए आए रादौर के विधायक श्याम सिंह राणा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। सिविल अस्पताल में उपचार के लिए आए यमुनानगर के रादौर विधायक श्याम सिंह राणा को रात में डॉक्टरों ने स्टेंट डाला। बुधवार सुबह वह स्वस्थ थे। इस दौरान मंत्री विज ने भी उनसे मुलाकात की। विधायक राणा ने कहा कि अस्पताल में बेहतर दर्जे की सुविधाएं उपलब्ध हैं, उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिस प्रकार अंबाला छावनी सिविल हस्पताल में हार्ट सेंटर बनाया गया है उसी तर्ज पर यमुनानगर में भी हार्ट सेंटर बनाया जाए। इससे मरीजों को लाभ मिलेगा।
बता दें कि उनका हाल जानने के लिए देर रात मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी अस्पताल पहुंचे थे। श्याम सिंह राणा की मंगलवार को एक विवाह समारोह में जाते समय तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद जब उन्हें अंबाला छावनी सिविल अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने ईसीजी करने के बाद उन्हें स्टेंट डलवाने की सलाह दी थी। उधर स्वास्थ्य व खेल मंत्री अनिल विज ने विधायक श्याम सिंह राणा के स्वास्थ्य के बारे में डॉक्टरों से जानकारी ली। कार्डियोलजिस्ट डॉ. राघव शर्मा, डॉ. अमित ने बीती रात उनकी जांच की तो आर्टरी में 90 प्रतिशत ब्लॉकेज मिली, जिस कारण उन्हें हार्ट अटैक की शिकायत बताई। इसके बाद डॉक्टर ने विधायक के एक स्टेंट डालकर उन्हें प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया। विधायक श्याम सिंह राणा ने मंत्री विज को बताया कि अब वह बेहतर महसूस कर रहे हैं। सुबह उन्होंने अस्पताल में ही हल्की सैर भी की।