फोटो नंबर : 33
मंत्री विज ने किया चंदपुरा में 16 लाख की लागत से नलकूप का उद्घाटन
बोले- टांगरी बंधे पर बन रही सड़क को घसीटपुर से जीटी रोड तक ले जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा काम करने वाले लोगों की पार्टी है तथा पार्टी में छोटे-छोटे काम करने वाले लोग ऊंचे पदों पर सुशोभित हो रहे हैं। उदाहरण के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और स्वयं वह खुद हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1990 में उन्होंने पहला चुनाव लड़ा था, दिन के समय वह वोट मांगते थे तथा रात को पोस्टर लगाते थे। भाजपा एवं उसके कार्यकर्ता का एकमात्र लक्ष्य केवल लोगों का विकास करना है।
मंत्री विज शनिवार गांव चंदपुरा में 16 लाख रुपये की लागत से पेयजल नलकूप का उद्घाटन करने के उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने गांव में 8 लाख रुपये की लागत से पानी की पाइपलाइन बिछाने के कार्य का भी उद्घाटन किया। विज ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के 70 वर्ष के बाद जितनी भी पार्टियों के नेता अंबाला से मंत्री व विधायक रहे, उन्होंने इतने विकास कार्य नहीं किए, जितने उन्होंने पिछले चार वर्षों में छावनी विधानसभा क्षेत्र में किए हैं। उन्होंने कहा कि गांव बब्याल में टांगरी के ऊपर 11 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाने सहित उसके दोनों तरफ सड़क बनाने का कार्य किया जा रहा है जोकि लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे उन्होंने पूरा करने का काम किया है। इसके अलावा टांगरी के बंधे के ऊपर से घसीटपुर तक 8 किलोमीटर सड़क बनाने के कार्य के साथ-साथ वहां पर स्ट्रीट लाइट का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को घसीटपुर से आगे जीटी रोड तक ले जाने का कार्य किया जाएगा ताकि लोग यहां से आसानी से गंतव्य तक पहुंचे सकें। विज ने कहा कि पूरे अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र में 215 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा गांवों में नहरी पेयजल भी उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कहा कि रामपुर में 83 लाख की लागत से बूस्टर बनाने का काम किया जा रहा है और चंदपुरा गांव को भी नहरी पानी उपलब्ध करवाने का काम किया जाएगा। गांव के ही नजदीक 10 एकड़ भूमि पर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
--------
विपक्षी पार्टियों ने की हमेशा लूट-खसोट की राजनीति
विज ने विपक्षी पार्टियों पर प्रहार करते हुए कहा कि अंबाला छावनी में चारों तरफ हो रहे विकास कार्यों से विपक्षी नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है। उन्हें विकास पच नहीं रहा है। भाजपा ने हमेशा विकास की राजनीति की जबकि विपक्षी पार्टियों ने हमेशा लूट-खसोट, भाई-भतीजावाद की राजनीति करते हुए लोगों को गुमराह करके वोट हथियाने का काम किया और सत्ता में आने के बाद उनका शोषण करने का काम किया। मौके पर महेश नगर मंडल अध्यक्ष जसबीर सिंह जस्सी, ग्रामीण मंडल महामंत्री किरण पाल चौहान, राम बाबू यादव, नीटू सचदेवा, सैनी जी, मदन लाल शर्मा, नरेंद्र राणा, विजेंद्र चौहान, किरण, अजय पराशर, दीप चंद, गुरपाल माजरा, विशाल टांगरी, गुरविंद्र शर्मा, अनिल चोपड़ा, भोला विज, फकीर चंद सैनी, नितिन पलानिया, मुकेश राणा, बलबीर, जसविंद्र, कैप्टन रामकिशन, उजागर सिंह नंबरदार, गुलशन गुलाटी, सुनीता अरोड़ा, ज्योति जयदीया, मनजीत सिंह, अश्वनी शर्मा मौजूद रहे।