प्रस्तावित लीड
फोटो नंबर : 6 से 10
रेसलिंग का महामुकाबला आज, बैठने के लिए पांच हजार कुर्सियां, 20 हजार लोगों के आने की उम्मीद
सिटी स्टेडियम में रिंग में उतरेंगे 35 रेसलर, पांच विदेशी महिला रेसलर भी दिखाएंगी दांवपेंच
पंचकूला में घायल हुई राखी सावंत अब ठीक, अंबाला आएंगी
शाम को सिटी में किया ग्रेट खली ने रोड शो, विधायक के निवेदन पर खली ने नि:शुल्क किया रेसलिंग शो
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। सीडब्ल्यूई (कांटीनेंटल रेसलिंग एंटरटेनमेंट) के महामुकाबले को लेकर अंबाला के निवासियों में जोरदार उत्साह है। सिटी के राजीव गांधी स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के लिए आयोजकों द्वारा बैठने के लिए मात्र पांच हजार कुर्सियों का प्रबंध किया गया है, मगर रेसलिंग एवं बॉलीवुड स्टार से भरे इस कार्यक्रम में आयोजकों को 20 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उधर, शाम को सिटी में दलीप सिंह उर्फ खली ने रोड शो भी निकाला जिसमें युवा शामिल हुए।
पुलिस व निजी सुरक्षा एजेंसियों के जिम्मे सुरक्षा
पुलिस और निजी सुरक्षा एजेंसी के जिम्मे आयोजन स्थल पर सुरक्षा का जिम्मा होगा। तीन सौ से अधिक पुलिस जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे। सोमवार देर शाम शो के लिए टिकट शुल्क हटाने की घोषणा करने के बाद हजारों युवाओं के कार्यक्रम में उमड़ने की उम्मीद है। आयोजन स्थल पर एंट्री के लिए दो गेट बनाए गए हैं जिनमें एक जनरल व एक वीआईपी गेट होगा। जनरल गेट पार्किंग एरिया के साथ होगा जहां से एंट्री होगी। यहां पर चेकिंग के बाद आयोजन स्थल पर लोगों को आने दिया जाएगा।
सुखी, बोरिस व क्रिस मास्टर की मुख्य फाइट
शाम ठीक चार बजे कार्यक्रम आरंभ हो जाएंगे। पहले कलाकार राखी सांवत, अरशद खान व अन्य गीत-संगीत प्रस्तुत करेंगे। इसके उपरांत रेसलिंग मुकाबले आरंभ होंगे। कुल 35 रेसलर इस मुकाबले में हिस्सा लेंगे जिनमें दस पुरुष विदेशी रेसलर होंगे और पांच महिला विदेशी रेसलर होंगी। शेष 25 रेलसर में से सर्वाधिक दस रेसलर हरियाणा से जबकि राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, पंजाब से भी रेसलर शिरकत करेंगे। मुख्य फाइट सुखी, बोरिस व क्रिस मास्टर की होगी।
विधायक के निवेदन में निशुल्क किया कार्यक्रम
रेसलिंग मुकाबले के लिए पांच सौ और एक हजार रुपये में टिकट बेचा जा रहा था, मगर विधायक असीम गोयल के आवेदन पर ग्रेट खली ने अब यह टिकट नि:शुल्क कर दिया है। देर शाम विधायक द्वारा यह जानकारी दी गई है। उधर, अब तक ट्विन सिटी में हजारों युवा मुकाबले की टिकट खरीद चुके हैं और उन्हें जब यह जानकारी मिली कि कार्यक्रम नि:शुल्क कर दिया गया है तो उन्हें मायूसी हुई।
-----------
रेसलिंग आयोजन को लेकर सरकार से नहीं कोई सहयोग
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। रेसलर द ग्रेट खली (दलीप सिंह) ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हो रही रेसलिंग प्रतियोगिता के आयोजन में सरकार का कोई सहयोग नहीं है। उन्होंने कहा कि खेल स्टेडियम बेशक आयोजन के लिए मिल रहे हैं, मगर यह स्टेडियम पब्लिक के हैं जिनमें कोई भी खेल सकता है। आर्थिक सहयोग सरकार से फिलहाल नहीं है। मंगलवार को सिटी राजीव गांधी खेल स्टेडियम में होने वाली रेसलिंग आयोजन से पहले ग्रेट खली सोमवार दोपहर कैंट पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि रेसलिंग देश का खेल था, मगर अमेरिका इसे हमारे हाथों से खींच कर ले गया। उनका मकसद देश में रेसलिंग को वापस लाना है और इसी को लेकर वह विभिन्न स्थानों पर रेसलिंग का आयोजन करवाकर खासकर युवाओं को इस ओर लाने का प्रयास कर रहे हैं। खली ने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस जरूरत सही मार्गदर्शन की है। उन्होंने बताया कि पंचकूला में रेसलिंग के दौरान राखी सावंत को महिला रेसलर ने पटक दिया था जिससे वह घायल हो गई थीं। दोनों में कुछ मिस अंडरस्टेंडिंग हो गई थी, मगर राखी सावंत अब ठीक हैं और मंगलवार को वह अंबाला में रेसलिंग के दौरान आएंगी।