खेत में बने बंद कमरे में मिला शव, मौके से शराब की बोतल और कुल्हाड़ी बरामद, साथ रहने वाले गायब दोस्त पर हत्या का शक
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
गांव मोहड़ा के एक किसान के खेत में बने कमरे से रविवार को 32 वर्षीय मजदूर का शव बरामद हुआ है। मृतक सरोज के गले और सिर पर गहरे घाव हैं। पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतल और कुल्हाड़ी भी मिली है, वहीं मृतक सरोज के साथ रहने वाला 40 वर्षीय दोस्त बृजेश गायब मिला। सरोज की हत्या का शक बृजेश पर है क्योंकि जिस कमरे से बिहार निवासी मजदूर सरोज का शव मिला है, उस पर ताला जड़ा हुआ था। फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर मोहड़ा चौकी पुलिस, सीन आफ क्राइम व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके से सुबूत जुटाए। फिलहाल गायब बृजेश का पता लगाने के लिए पुलिस ने तीन टीमें बनाई हैं, जबकि साइबर सैल की भी मदद ली जा रही है।
यह है मामला
जानकारी मुताबिक गांव मोहड़ा में जरनैल सिंह के खेतों में बने कमरे में सरोज निवासी बिहार अपने दोस्त बृजेश उर्फ बॉबी निवासी दिल्ली के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि सरोज कई साल पहले अंबाला आ गया था और यहीं पर मजदूरी करता था। बीते डेढ़ साल से वह खेतों में बने कमरे में रह रहा था। सरोज ने ही दोस्त बृजेश को ठिकाना दिलाया और जहां पर भी काम मिलता वे करते थे। कभी दोनों दोस्त खेतों में दवा स्प्रे का छिड़काव का काम करते तो कई बार अन्य जगहों पर भी दिहाड़ी करते थे।
ऐसे हुआ हत्या का खुलासा
खेत मालिक जरनैल सिंह रविवार सुबह ट्यूबवेल पर बने कमरे पर पहुंचे तो देखा कि कमरे पर ताला लगा है। उन्होंने सोचा कि शायद मजदूर काम पर गए होंगे। इसके बाद वह फिर दोपहर को कमरे पर पहुंचा, इस दौरान भी कमरे पर ताला लगा मिला। शंका होने पर कमरे का ताला तोड़ा तो पता चला कि सरोज मृत अवस्था में जमीन पर पड़ा है, जबकि बृजेश मौके पर नहीं है। इसके बाद जरनैल सिंह ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। इसके साथ ही सीन आफ क्राइम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
तीन टीमें गठित छापामारी शुरू
मामले में पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए तीन टीमें बनाई हैं। यह टीमें आरोपी की धरपकड़ की कोशिशों में जुट गई हैं। पुलिस फिलहाल आरोपी के मोबाइल को साइबर सैल में लगा रही है, जिसकी मदद से उसकी लोकेशन पता करने की कोशिश की जा रही हैं। पुलिस ने मौके से कुल्हाड़ी बरामद की है।
किसी विवाद के चलते सरोज की हत्या की गई है, जिसके गले और सिर पर गहरे घाव हैं। अभी मृतक के परिजनों के बारे में पता नहीं चल पाया है, जबकि टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने खेत मालिक के बेटे कुलविंदर सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू की है। - सुरेश कौशिक, डीएसपी अंबाला कैंट