अंबाला। बाल तस्करी के खिलाफ वीरवार को संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12407 कर्मभूमि एक्सप्रेस से 15 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन अलायंस के टोल-फ्री नंबर से मिली गुप्त सूचना के बाद जिला युवा विकास संगठन के प्रधान परमजीत सिंह बड़ोला ने बाल कल्याण समिति, जीआरपी और आरपीएफ को सतर्क किया। संगठन के कार्यक्रम समन्वयक अजय तिवारी की अगुवाई में टीम ने ट्रेन में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर बच्चों को मुक्त कराया।
प्राथमिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें लुधियाना की एक राइस मिल में सुबह 8 से रात 8 बजे तक काम करने के लिए ले जाया जा रहा था, इसके बदले उन्हें मात्र 10,000 रुपये मासिक देने का वादा किया गया था। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चों को सीवीडब्ल्यूसी चेयरपर्सन रंजिता सचदेवा के समक्ष पेश किया गया। जहां से उन्हें ओपन शेल्टर होम भेज दिया गया है। संवाद