फ्रांस के रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे अंबाला और लुधियाना के रेलवे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। सांसद रतनलाल कटारिया ने कहा कि अंबाला और लुधियाना के रेलवे स्टेशनों को फ्रांस के रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इस संदर्भ में भारतीय रेलवे और फ्रंास की कंपनियों के बीच एमओयू साइन हो चुका है। यह कार्य पूरा होने पर यह स्टेशन विश्व स्तरीय स्टेशनों की श्रेणी में आ जाएगा। सांसद कटारिया मंगलवार को कैंट रेलवे स्टेशन परिसर पर स्थापित 100 फुट उंचे राष्ट्रध्वज को सलामी देेने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
रेल मंत्रालय का ऐतिहासिक फैसला है कि देश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 100-100 फुट उंचे राष्ट्रध्वज फहराए जाएं। इसी कड़ी में स्टेशन पर भी राष्ट्रध्वज लगाया गया है। इसके लगने से आने वाले लोगों में भी राष्ट्रभक्ति और देश सेवा के जज्बे के बीज अंकुरित होंगे। इस दौरान उन्होंने 45 लाख से निर्मित आधुनिक शौचालयों का भी एक नंबर प्लेटफार्म पर उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंडल रेलवे प्रंबधक डीसी शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन को सुंदर एवं विकसित बनाने का काम किया जा रहा है। यहां पर बेहतरीन लाईटिंग, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं पर भी कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में जो राष्ट्रीय ध्वज व टैंक लगाया गया है, वह भारतीय सेना के मान-सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भविष्य में एयरफोर्स के लड़ाकू विमान का ढांचा लगाने की भी योजना है और इसके लिए एयरफोर्स से बातचीत की जा रही है। इस मौके पर स्टेशन निदेशक बीएस गिल, जिला प्रधान जगमोहन लाल कुमार, एडीआरएम कर्ण सिंह, सीनियर डीसीएम हरि मोहन, मीडिया प्रभारी राज सिंह एवं अन्य मौजूद रहे।
भारतीय सेना को किया सलाम
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद कटारिया कहा कि मंगलवार को भारतीय सेना के वीर जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान में घूसकर जैश मोहमद के लगभग 300 आतंकियों को धराशाही करने का काम किया है। इससे सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि देश की तरफ आंख उठाने वाले दुुश्मनों को बख्शा नहीं जाएगा। सेनाओं ने कुछ दिनों के अंदर ही पुलवामा अटैक का बदला ले लिया है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा शक्ति और देश की सेनाओं के जज्बे की सराहना की। हरियाणा बजट को उन्होंने बेहतरीन बजट बताया।