फोटो नंबर :: 21
राज्य मंत्री ने नपा सचिव पर कार्रवाई के डीसी को दिए आदेश
खुले दरबार में अनुपस्थित रहने, विकास कार्यों में रुचि न लेने पर नायब सैनी ने दिए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नगरपालिका सचिव के खुले दरबार में अनुपस्थित रहने, विकास कार्यों में रुचि न लेने व जनता के कार्य समय पर न होने व आदेशों की अवहेलना करने पर नगरपालिका सचिव के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के आदेश डीसी को दिए हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि उन्हें नगरपालिका सचिव के खिलाफ लोगों से शिकायतें मिल रही थीं कि उनके कार्य समय नहीं हो रहे और उन्हें नगरपालिका के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सोमवार को भी उनके खुले दरबार में भी नगरपालिका सचिव नहीं पहुंचे।
उन्होंने कहा कि सरकार जनहित को सर्वोपरि मानते हुए न केवल विकास कार्यों को तेजी से करवाने के प्रति सजग है बल्कि आमजन के हित में योजनाओं को भी लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया विजन को आगे बढ़ाते हुए डिजिटल हरियाणा के तहत 37 विभागों की 485 योजनाएं व सेवाएं अंत्योदय केंद्रों के माध्यम से दी जा रही हैं। भाजपा सरकार व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से लोगों को पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त सरल सुशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। खुले दरबार में लगभग 200 समस्याएं आईं जिनके समाधान के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन सुरेंद्र राणा, राज्य मंत्री के राजनैतिक सचिव सोहन सिंह, तहसीलदार रमेश अरोड़ा, बीडीपीओ सुमित बख्शी, जिला महामंत्री राजेश बतौरा, कार्यकारी अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग विकास बाल्यान, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी संदीप गोयल, मारकंडा मंडल प्रधान नरेंद्र राणा कुराली, निगरानी समिति अध्यक्ष सुरेंद्र सैनी, बांका सैनी, नंबरदार सुरेश पाल, दलबीर राणा बधौली, मंगूराम, धर्मपाल गुर्जर आदि मौजूद रहे।