मंत्री ने 1552 लाभपात्रों को दिए सहायक उपकरण
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि सरकार द्वारा 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले लोगों को बैटरी से चलने वाली साइकिलें उपलब्ध करवाने की योजना क्रियान्वित की गई है ताकि वे सुविधाजनक तरीके से जीवनयापन कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की वर्तमान सरकार ने दिव्यांगों के लिए नौकरियों में आरक्षण को तीन से बढ़ाकर चार प्रतिशत किया है जबकि उच्च शिक्षा के लिए यह आरक्षण तीन से बढ़ाकर पांच प्रतिशत किया गया है।
मंत्री नई अनाज मंडी में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित जिला स्तरीय नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह में प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 1552 लाभपात्रों को सहायक उपकरण वितरित किए। इन उपकरणों में 264 ट्राई साइकिलें, 124 व्हील चेयर, 309 श्रवण यंत्र, 132 क्रचिस, 151 वॉकिंग स्टिक, 21 वॉकर, 177 एमआर्किट, 27 स्मार्ट केन, 190 बैसाखियां, 34 एबीएल किट, 12 सीपी चेयर, 44 कृत्रिम अंग, 61 चश्मे व अन्य सहायक उपकरण शामिल हैं। इनकी कीमत लगभग 65 लाख रुपये थी। उन्होंने कहा कि अब तक अंबाला सहित देश के 354 लोकसभा क्षेत्रों में इस तरह के शिविर आयोजित करके लाखों दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। दिव्यांगजनों को पूरे देश में मान्य प्रमाण पत्र (यूडीआईडी) प्रदान किए जा रहे हैं।
दिव्यांग दया नहीं सेवा भावना के हकदार : कटारिया
सांसद रतनलाल कटारिया ने कहा कि दिव्यागंजन दया नहीं बल्कि सेवा भावना के हकदार हैं। दिव्यांगों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है केवल उन्हें सेवाभाव से प्रोत्साहित करने, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध करवाने की आवश्यकता है। मौके पर समाज कल्याण विभाग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम व अन्य संबंधित कार्यालयों द्वारा दिव्यांगों को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। इस अवसर पर डीसी शरणदीप कौर बराड़, एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह, एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग, डीएसपी बलजीत सिंह, रेडक्रॉस सोसायटी की सचिव विजय लक्ष्मी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, मार्केट कमेटी के चेयरमैन बलविंद्र सिंह, वाइस चेयरमैन सन्नी आनंद, संजय लाकड़ा, बलकेश वत्स, रवि सहगल, बालकराम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
सिख कत्लेआम पर देश कांग्रेस को माफ नहीं करेगा : गुर्जर
पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज वो विदेश में जाकर 1984 में हुए सिखों के कत्लेआम से कांग्रेस का पल्ला झाड़ रहे हैं परंतु देश उन्हें माफ नहीं करने वाला। पूरा देश जानता है कि 1984 में सिखों के कत्लेआम में किस-किस की कितनी भूमिका रही और किसने क्या-क्या कहा। इसके लिए राहुल गांधी को सिखों से माफी मांग लेनी चाहिए। इस जुर्म को कुबूल कर लेना चाहिए। कृष्ण पाल गुर्जर ने राहुल गांधी पर तंज कसते है कहा कि राहुल गांधी अपनी उम्र के साथ बड़े नहीं हुए। गुर्जर ने राजकुमार सैनी के अलग पार्टी बनाने और बगावती तेवरों के सवाल को टालते हुए कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और इसमें हर किसी को अनुशासन में रहना सिखाया जाता है। सबको अनुशासन में रहना चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा को लेकर छिड़ी बहस पर विराम लगाने का प्रयास करते हुए कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की कलश यात्रा निकाली गई थी, उस वक्त भाजपा ने कुछ नहीं बोला। जो लोग वाजपेयी के लिए अंतिम दर्शन नहीं कर सके, उनके लिए ये कलश यात्रा निकाली जा रही है जिस पर कांग्रेस और विपक्ष को आपत्ति है। जो इनकी छोटी सोच का परिचायक है।