अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट/नारायणगढ़/बराड़ा। बुधवार को अंबाला में हुई बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर में शुरू हुई बारिश से किसानों का इंतजार भी खत्म हुआ। बारिश के कारण बेशक गर्मी से राहत मिली, लेकिन लोगों को बाजारों में परेशानी मिली। जगह-जगह कीचड़ हो गया। जलभराव के कारण आवाजाही प्रभावित रही। खासकर मुख्य सड़कों के किनारे पानी जमा हो गया। कईं जगहों पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण दिक्कतें बढ़ गई हैं जबकि बारिश के कारण इनको रोकना पड़ा।
किसानों के लिए राहत बनकर बरसा पानी
किसानों का कहना है कि अभी तक बारिश न होने से दिक्कतें आ रही थीं, जबकि अब यह बारिश धान उत्पादकों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है। यदि और बारिश होती है, तो इसका फायदा धान की फसल को होगा। किसान पवन कुमार टोबा, अवतार सिंह बेरखेड़ी का कहना है कि धान की फसल को सिंचाई के लिए काफी पानी चाहिए।
पिछले साल बह गई थी जमीन, मुआवजा तक नहीं
नारायणगढ़ में गत वर्ष मारकंडा नदी में किसानों की 10 एकड़ जमीन बह जाने से किसान अभी तक मुआवजे को तरस रहे हैं। गांव अंबली के रहने वाले महिपाल राणा ने बताया कि उनकी जमीन मारकंडा नदी के नजदीक लगती है। गत वर्ष उनकी 4 एकड़ जीरी की फसल व गरीबदास की 6 एकड़ जीरी की फसल मारकंडा नदी में आए पानी की वजह से भूमि कटाव होते नदी में बह गई थी, जिसका उन्हें कोई भी मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा भी करवाया हुआ है, बावजूद इसके उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कई बार राज्यमंत्री नायब सैनी से भी गुहार लगाई है लेकिन कुछ नहीं मिला।
यह रहेगा मौसम
अंबाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मौसम में नमी की मात्रा 75 प्रतिशत आंकी गई है। मौसम विभाग की मानें, तो आने वाले सप्ताह में मौसम मिलाजुला रहेगा। आसमान में बादल छाएंगे, जबकि बीच-बीच में हल्की बारिश होगी। नमी व उमस के साथ गर्मी लोगों को परेशान करेगी। हालांकि उम्मीद है किसी एक दिन तेज बारिश भी हो सकती है।