अब सरकारी कर्मचारी खेल के मैदान में दिखाएंगे दमखम
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारी अब खेल मैदान में दमखम परखेंगे। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से राज्य स्तरीय सिविल सेवा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिताएं पंचकूला, भिवानी, अंबाला, सोनीपत, जींद, यमुनानगर तथा रोहतक में होंगी। जिला लेवल पर विजेता कर्मचारी जहां स्टेट लेवल पर खेलेेंगे, वहीं स्टेट लेवल पर विजेता नेशनल लेवल पर प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इसके लिए विभाग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। खास बात है कि इन प्रतियोगिताओं में बोर्ड, कॉर्पोरेशन, पुलिस विभाग, बिजली बोर्ड, एचएसआईआईडीसी के अधिकारी और कर्मचारी भाग नहीं ले सकेंगे।
यह है शेड्यूल
अंबाला में इसके तहत जिला स्तरीय एथलेटिक, बैडमिंटन, पावर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन राजीव गांधी स्टेडियम में होगा। इसी तरह कैरम, चैस, तैराकी, कुश्ती आदि प्रतियोगिताएं कैंट के वार हीरोज स्टेडियम में होगी। वहीं 13 और 14 नवंबर को टेबल टेनिस एसडी विद्या स्कूल, लॉन टेनिस स्पर्धा पुलिस लाइन अंबाला सिटी में होगी। इसी तरह हॉकी प्रतियोगिता पुलिस लाइन मैदान अंबाला सिटी, क्रिकेट प्रतियोगिताएं एसडी कालेज अंबाला कैंट में होगी।
उधर, राज्य सिविल सेवा खेल प्रतियोगिताओं के तहत पंचकूला में यह आयोजन 24 से 26 नवंबर तक होगा। इस दौरान बैडमिंटन, एथलेटिक, टेबल टेनिस, कैरम, चैस, ब्रिज खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसी तरह भिवानी में रेसलिंग, पावर लिफ्टिंग (बैंच प्रेस), वेट लिफ्टिंग (बेस्ट फिजिक), अंबाला में फुटबॉल स्पर्धाएं होंगी। वहीं सोनीपत में स्वीमिंग और हॉकी, जींद में कबड्डी, यमुनानगर में लॉन टेनिस, रोहतक में क्रिकेट प्रतियोगिताएं होंगी।
सिविल सेवा खेल प्रतियोगिताओं के लिए अंबाला में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके अलावा राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी। इसके लिए संबंधित विभागों को भी कहा जा चुका है, जबकि जिला स्तर पर आयोजन कमेटी की देखरेख में यह आयोजन होगा।
- अरुण कांत, जिला खेल अधिकारी, अंबाला