अंबाला सिटी। जिले में रसोई गैस के पारंपरिक सिलिंडरों से मुक्ति दिलाने की तैयारी तेज हो गई है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक निशांत राठी ने घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के संदर्भ में कहा है कि जिन क्षेत्रों में एचपी ऑयल गैस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) की पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, वहां उपभोक्ता जल्द से जल्द कनेक्शन के लिए आवेदन करें।
राठी ने बताया कि जिले में अब तक 134 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 99 व्यावसायिक, 22 घरेलू और 13 औद्योगिक कनेक्शन शामिल हैं। विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तीन अलग-अलग भुगतान विकल्प जारी किए हैं। योजना एक में एकमुश्त भुगतान के तहत उपभोक्ता को 7118 रुपये देने होंगे। इसमें 6000 रुपये कनेक्शन सुरक्षा और 1000 रुपये बिल सुरक्षा (दोनों वापसी योग्य) तथा 118 रुपये आवेदन शुल्क शामिल है। योजना दो ईएमआई विकल्प के तहत शुरुआत में 2118 रुपये का भुगतान करना होगा। शेष 5000 रुपये की राशि 500 रुपये प्रति माह (1000 रुपये प्रति बिल) की आसान किस्तों में ली जाएगी। योजना तीन में किराया योजना के तहत मात्र 1118 रुपये के अग्रिम भुगतान पर कनेक्शन मिलेगा। इसमें सामान्य बिल के साथ 100 रुपये प्रति बिल (50 रुपये महीना) अतिरिक्त देना होगा। संवाद