अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। रविवार की रात क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सीजन की पहली भारी बरसात के चलते खेत लबालब भरे नजर आए। शहर की डेहा व बागड़ी बस्ती में पानी भरने से इन गरीबों की झोंपड़ियों में रखा सामान खराब हो गया। गुस्साए लोगों ने लघु सचिवालय पहुंच प्रशासन व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में एसडीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार रमेश अरोड़ा ने उचित सहायता का आश्वासन दे उन्हें शांत किया।
जलभराव के चलते इन गरीब लोगों को खाने-पीने के भी लाले पड़ गए। तहसीलदार रमेश अरोड़ा ने बामुश्किल इनको शांत किया और उन्हें बताया कि जब तक आपकी बस्ती से पानी नहीं उतरता तब तक आपके रहने की व्यवस्था साथ लगते स्कूल में कर दी गई व खाना भी प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा।
अंबाला रोड अहमदपुर के नजदीक नाले की चौड़ाई कम होने के चलते जन स्वास्थ्य विभाग की कालोनी में भी जलभराव हो गया, जिसे मौके पर पहुंचे नपा चेयरमैन श्रवण कुमार व नपा की टीम ने जेसीबी की मशीन से खुलवा कर पानी की निकासी का प्रबंध करवाया। नपा चेयरमैन श्रवण कुमार, पार्षद प्रवीन कपूर, प्रवीन नामदेव आदि ने डेहा बागड़ी बस्ती का भी दौरा कर लोगों को उचित राहत देने का आश्वासन दिया।