गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन ने की तैयारी, हर मंडी में गठित होगी कमेटी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। गेहूं खरीद को लेकर किसानों और आढ़तियों को मंडी में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए हर मंडी में एक कमेटी गठित की जाएगी। इसके नोडल अधिकारी संबंधित क्षेत्र के एसडीएम होंगे और पूरे जिले के नोडल अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह होंगे। इस कमेटी में संबंधित खरीद एजेंसी, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, मार्केट कमेटी व हैफड का प्रतिनिधि शामिल होगा। इसके साथ-साथ मंडी में हेल्पडेस्क भी लगाए जाएंगे, ताकि किसानों को कोई भी जानकारी लेनी हो तो उन्हें सुगमता से मिल सके। यह जानकारी उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने सोमवार पंचायत भवन में गेहूं खरीद कार्यों को लेकर आयोजित बैठक में मंडी एसोसिएशन के प्रधान, आढ़ती, सचिव व संबंधित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने गेहूं खरीद कार्यों को लेकर एसोसिएशन के प्रधान व अन्य अधिकारियों से मंडी की व्यवस्थाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने बैठक के दौरान एसडीएम को कहा कि वे गेहूं की खरीद कार्य से पहले आढ़तियों की बैठक लेना भी सुनिश्चित करें ताकि मंडी संबंधी यदि कोई समस्या है तो समन्वय बनाकर उसका निवारण किया जा सके। इसके साथ-साथ वे मंडी का भी दौरा करते हुए वहां पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी हासिल करें।
---
मंडी में चाक-चौबंद हो व्यवस्था : एडीसी
अतिरिक्त उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने बैठक के दौरान मार्केट कमेटी सचिव को निर्देश दिए कि वे सीजन से पहले मंडी की व्यवस्थाएं जैसे वहां पर लाइट, शौचालय, सड़कों की मरम्मत, पीने के पानी की व्यवस्था, सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शेड में किसी प्रकार की कोई लीकेज नहीं है आदि व्यवस्थाओं का स्वयं जायजा लें और उसका सर्टिफिकेट भी एक सप्ताह के अंदर देना सुनिश्चित करें। इसके अलावा मंडी में गेहूं तोलने वाले जो कांटे लगाये जाने है वे चालू हालत में हैं या नहीं इस बारे भी पहले से ही ध्यान रखें और उसकी रिपोर्ट भी दें और गेट पास कम्पयूटराइज होंगे, इस व्यवस्था को भी समय रहते करना सुनिश्चित करें।
---
पंखे, तिरपाल को भी रखें दुरुस्त
उन्होंने आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भी कहा कि वे पंखे, तिरपाल सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखें। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद कार्य में लिफ्टिंग की समस्या रहती है। इसलिए पहले से ही ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें कि लिफ्टिंग का कार्य तेजी से हो। उन्होंने खरीद एजेंसियों को भी निर्देश दिए कि प्रत्येक मंडी में मॉसचर मीटर का उचित प्रबंध रखें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह, एसडीएम विवेक चौधरी, एसडीएम अदिति, डीआरओ कैप्टन विनोद शर्मा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक निशांत राठी, हैफड के प्रबंधक वीपी मलिक सहित आढ़ती एसोसिएशन प्रधान, मार्केट कमेटी के सचिव व अन्य लोग मौजूद रहे।