ट्रैफिक पुलिस के दावे फेल, कैंट बस स्टैंड पर जाम से वाहन चालक परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। ट्रैफिक पुलिस की ओर से कैंट बस स्टैंड के बाहर से बसों को सवारियों बिठाने के लिए पूर्ण रूप से मना किया गया और पुलिस ने अव्यवस्था को रोकने के लिए अभियान भी चलाया था लेकिन यह अभियान अब सुस्त पड़ गया है। बस स्टैंड के बाहर की स्थिति फिर से जस की तस हो गई है क्योंकि हरियाणा, पंजाब व अन्य राज्यों की दिल्ली से आने वाली बसें अंबाला कैंट बस स्टैंड के अंदर जाने के स्थान पर बारह पुल के नीचे से ही सवारियां बिठाते हैं। इस कारण पुल के नीचे जाम की स्थिति बन जाती है। इस स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने बैरियर भी लगाए हुए हैं, लेकिन इसके बाद भी ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के लिए जाम से निजात पाना मुश्किल हो रहा है। वहीं रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड के पास से सवारियां बिठाने के लिए खड़े हुए ऑटो भी जाम को बढ़ावा दे रहे हैं लेकिन पुलिस कार्रवाई करने के बजाय केवल चालान काटने तक सीमित है।
----------
शाम होते ही बदल जाती है स्थिति
दिन में रोडवेज के अधिकारी बसों को बस स्टैंड में प्रवेश करवाने के लिए पुल के नीचे आदेश देते हैं और बस पुल के नीचे से सवारियां न बिठाए इसके आदेश देते हैं, लेकिन इसके बाद भी चालक बस को स्टैंड के अंदर ले जाने के स्थान पर पुल के नीचे से ही सवारियां को बिठाते हैं। दिन के में तो फिर भी कुछ चालक बस स्टैंड में चले जाते हैं, मगर शाम को बसें स्टैंड के अंदर दाखिल ही नहीं होती।
कोट्स
पुलिस की ओर से अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बस स्टैंड के नीचे के क्षेत्र में जाम न लगे।
-मनीष कुमार, एसएचओ ट्रैफिक, अंबाला।