चंडीगढ़-अंबाला पैसेंजर ट्रेन के समय में तब्दीली, दैनिक यात्री परेशान
रमिंद्र सिंह
अंबाला सिटी। चंडीगढ़ से अंबाला आने वाली पैसेंजर ट्रेन नंबर 64564 के समय में तब्दीली का फरमान चंडीगढ़ में नौकरी करने वाले अंबाला के दैनिक यात्रियों पर भारी पड़ रहा है। यात्रियों को अब बसों में धक्के खाते एवं ज्यादा किराया खर्च करते हुए अंबाला तक आना पड़ रहा है। ट्रेन के समय में की गई तबदीली यात्रियों को रास नहीं आ रही है। ऐसे में दैनिक यात्री जल्द ही रेल मंडल के अधिकारियों से मुलाकात कर इसकी लिखित शिकायत करेंगे।
रेलवे ने 15 अगस्त से पैसेंजर ट्रेन के समय में तबदीली कर दी है। शाम को चंडीगढ़ से पैसेंजर ट्रेन के चलने का समय छह बजे कर दिया है जबकि पहले यह समय 6.35 मिनट पर था। इस ट्रेन के बाद चंडीगढ़ से अंबाला आने के लिए कोई अन्य पैसेंजर ट्रेन भी नहीं है। इस ट्रेन में दैनिक यात्री छह बजे ऑफिस बंद होने के बाद आराम से अंबाला सिटी के धूलकोट और अंबाला कैंट स्टेशन पर उतर जाते थे। मगर, अब ट्रेन का समय जब से छह बजे हुआ है यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है।
दैनिक यात्री राजीव शर्मा, सुशील कुमार, आशीष गुप्ता, मनप्रीत सिंह, जगविंद्र सिंह, दीपक बत्तरा व अन्य ने बताया कि अंबाला से छह सौ से अधिक दैनिक यात्री इसी ट्रेन में चंडीगढ़ से शाम को वापस अंबाला आते हैं। किसी यात्री का ऑफिस साढ़े पांच बजे बंद होता है तो किसी का छह बजे। पहले ट्रेन ठीक 6.35 मिनट पर चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से चलती थी जिस वजह से वह आराम से इस ट्रेन को पकड़ लेते थे, लेकिन अब ट्रेन का समय बदल दिया गया है। छह बजे तो प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारी ड्यूटी से ऑफ होते हैं और वह इस ट्रेन को नहीं पकड़ पाते। इससे सैकड़ों यात्रियों को अब बसों में धक्के खाते एवं अधिक किराया खर्च करते हुए अंबाला आना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे को ट्रेन के समय में तबदीली करनी थी तो पहले यात्रियों से सहूलियत को देखना चाहिए था। ट्रेन का समय बदलने से रेलवे को भी नुकसान हो रहा है।
आर्थिक तौर पर इस तरह हो रहा नुकसान
चंडीगढ़ से अंबाला पैसेंजर ट्रेन में आने-जाने का मासिक पास महज 270 रुपये में बनता है, मगर अब दैनिक यात्रियों की प्रतिदिन शाम की ट्रेन केे समय में परिवर्तन के चलते चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से मिस हो रही है और उन्हें महज बस में अंबाला आना पड़ रहा है। चंडीगढ़ से अंबाला की टिकट 60 रुपये है। यानी एक माह में 1800 रुपये यात्रियों को चंडीगढ़ से अंबाला आने के खर्च करने होंगे। सुबह ट्रेन का अंबाला से चंडीगढ़ जाने का समय सही है, मगर वापसी के नए समय में यात्रियों को आपत्ति है।
अंतिम पैसेंजर ट्रेन है चंडीगढ़ से
चंडीगढ़ से अंबाला आने के लिए ट्रेन नंबर 64564 अंतिम पैसेंजर ट्रेन है। इससे पहले शाम पांच और इसके बाद 5.30 मिनट पर पैसेंजर ट्रेन हैं। महज 35 मिनट समय परिवर्तन से सिटी व कैंट के सैकड़ों दैनिक यात्री प्रभावित हो रहे हैं।
कोट्स
15 अगस्त से रेलवे टाइम टेबल में तब्दीली हुई है। इसी वजह से ट्रेन का समय परिवर्तित हुआ होगा। फिलहाल अभी दैनिक यात्रियों की कोई लिखित शिकायत मुझे नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर इसे आगामी कार्रवाई के लिए अधिकारियों के पास भेजा जाएगा।
-बीएस गिल, स्टेशन डायरेक्टर, अंबाला कैंट।
--------------------------