पहले पेज पर एंकर..........
कबाड़ से आमदनी का जुगाड़ करेगा नगर निगम
- कचरे को रिसाइकिल करने को निगम और संस्था ने शुरू किया प्रयास
अजय गोस्वामी
अंबाला कैंट। नगर निगम अब सूखे कचरे यानि कबाड़ से आमदनी का जुगाड़ करने जा रहा है। शहर भर से इकट्ठा कचरे से निगम को आमदनी तो होगी ही, शहर भी साफ रहेगा। नगर निगम की इस मुहिम में सामाजिक संस्था ‘उम्मीद की किरन’ सहयोग कर रही है।
-खाली बोतलों से लेकर टायर तक से बनाएंगे सामान :
घर के बेकार समान को लोग कचरा समझकर फेंक देते है, जिसमें सबसे ज्यादा संख्या प्लास्टिक की बोतलों और पॉलिथीन की होती है। इन्हीं से अब गमले और अन्य हैंगिंग गमले बनाए जाएंगे। वेस्ट मटेरियल से तकिए भी बजाए जाएंगे। टॉयरों को सिटिंग टेबल या बैंच के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। बाकी बचे वेस्ट को नगर निगम ठेकेदार को बेचेगा, जिससे आमदनी होगी।
- कचरा रिसाइकिल करके सर्वेक्षण में चमकने की उम्मीद :
नगर निगम के ज्वांइट कमिश्नर गगनदीप सिंह ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम ने काफी काम किया है। गीले और सूखे कचरे को अलग किया जा रहा है। ट्विन सिटी में लोगों को डस्टबिन बांटे गए हैं। रात में सफाई हो रही है। सबसे खास बात है कि कचरे को रिसाइकिल करने की योजना से शहर की गंदगी साफ होगी और निगम की आमदनी भी होगी। इस बारे में निगम के सभी सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। इस योजना से पर्यावरण भी स्वच्छ करने में कामयाबी मिलेगी।
- दो सौ वालियंटियर्स लगाए
संस्था उम्मीद की किरण के मैनेजिंग डायरेक्टर शुभम नेगी ने बताया कि अंबाला को साफ और स्वच्छ बनाने पर काम किया जा रहा हैं। खाली दीवारों को रंग कर सामाजिक हितों के संदेश देने की बात हो या फिर सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ कोई अन्य काम। कचरे को रिसाइकिल करके लोगों के इस्तेमाल के लिए सामान तैयार किया जा रहा है। इस काम दो सौ वालेंटियर्स को लगाया गया है। --------------