अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को मिलेगा योजनाओं का लाभ : बराला
फोटो नंबर : 32 से 34
विधायक असीम गोयल द्वारा आयोजित अंत्योदय ही लक्ष्य विकास रैली को किया संबोधित
82.50 करोड़ की राशि विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री की तरफ से देने की घोषणा की
नन्यौला में किया पीएचसी का उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं टोहाना से विधायक सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के मंत्र को सशक्त करने वाली सरकार है तथा उनके मार्ग दर्शन पर चलते हुए अंतिम छोर तक बैठे गरीब व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलवाने के लिए कृत संकल्प है। वह नन्यौला अनाज मंडी में विधायक असीम गोयल द्वारा आयोजित अंत्योदय ही लक्ष्य विकास रैली में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र के तहत 82.50 करोड़ की राशि विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री की तरफ से देने की घोषणा की। विकास परियोजनाओं में 10 करोड़ रुपये एचआरडीएफ के तहत विकास कार्यों के लिए भी शामिल हैं। मौके पर नन्यौला ग्राम वासियों की लगभग 50 वर्ष पुरानी पीएचसी की मांग को भी पूरा कर उसका उद्घाटन किया। उन्होंने मार्केट कमेटी कार्यालय नन्यौला के प्रथम तल पर बनने वाले विश्राम गृह व गेस्ट हाउस का भी शिलान्यास किया।
विधायक गोयल ने बताया कि 19 अक्तूबर को दशहरे पर 37.50 करोड़ की लागत से लखनौर साहिब में बनने वाले वीएलडी कॉलेज की आधारशिला मुख्यमंत्री रखेंगे तथा 12 करोड़ की लागत से सेक्टर दस में राजकीय महिला महाविद्यालय व 50 करोड़ की लागत से अंबाला शहर में लघु सचिवालय का भी शिलान्यास करेंगे। शहर नागरिक अस्पताल को 200 से 300 बिस्तर अस्पताल करने वाले कार्य को भी मंजूरी मिल गई है तथा दिसंबर में यह कार्य शुरू होगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल, श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, भाजपा जिला प्रभारी धुम्मन सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेद प्रकाश, महिला उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला सचिव रितेश गोयल, मंडल प्रधान मनदीप राणा, गुरचरण सिंह, हरीश शर्मा, अनुभव अग्रवाल, अवतार सिंह, नन्यौला गांव के प्रतिनिधि बाबा खेम चंद, नन्यौला सरपंच किरणजीत कौर, संजीव टोनी, सुरेश सहोता, महामंत्री हितेष जैन, राजेश बतौरा, सरला कपूर आदि मौजूद रहे।
-------
पुलों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया
बराला ने सिटी विधानसभा क्षेत्र के तहत 7.27 करोड़ से बनाए जाने वाले नरवाना ब्रांच, एसवाईएल, पैरलल ड्रेन पर पुलों के निर्माण कार्य पूजा करके शिलान्यास किया। बराला ने कहा इन पुलों के निर्माण से काफी फायदा होगा। मौके पर सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर फूल कुमार नैन ने नरवाना ब्रांच की रि-मॉडलिंग की जाने की मांग की ताकि पानी को अंतिम टेल तक पहुंचाकर लोगों को इसका लाभ दिलवाया जा सके। विधायक गोयल ने कहा कि पुलों के निर्माण के साथ-साथ गांव खैरा और बकनौर में भी पुलों के निर्माण कार्यों के लिए सिंचाई विभाग द्वारा एस्टीमेट तैयार किए जा चुके है और दिसंबर तक इन पुलों का निर्माण कार्य भी किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इन पुलों के निर्माण कार्य पर 7.27 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पुल 35 फुट चौड़े होंगे ताकि लोग इस पुल से आसानी से निकल सकें। छह महीने के अंदर इन पुलों का निर्माण कार्य किया जाना प्रस्तावित है।
---------
विपक्ष ने एसवाईएल के नाम पर लोगों को झूठ बोला
बराला ने कहा कि विपक्ष ने एसवाईएल के नाम पर लोगों को झूठ बोला और उसकी सही तरीके से पैरवी नहीं की। भाजपा सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एसवाईएल के मुद्दे पर मजबूती से पैरवी की है और एसवाईएल के पानी पर हरियाणा का हक है यह हर हाल में मिलकर रहेगा।
-------
‘कौन गौरी तेरी मोटी-मोटी आंखों से आंसू ले गया, एलपीजी सिलिंडर घर-घर मोदी दे गया’
सांसद रतनलाल कटारिया ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है तथा वह झूठे महा गठबंधन की बात कहकर जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रहा है। इस दौरान उन्होंने मंच पर एक बार फिर गीत गाकर सभी को अपने अंदाज में लोटपोट किया। एलपीजी सिलिंडर घर-घर पहुंचने पर उन्होंने गीत गाया ‘कौन गौरी तेरी मोटी-मोटी आंखों से आंसू ले गया, एलपीजी सिलिंडर घर-घर मोदी दे गया’। बता दें कि इससे पहले दिल्ली में रेलवे मीटिंग व पंचकूला में भी कार्यक्रम में कटारिया मंच से ही गाने गाकर अपनी बात का इजहार कर चुके हैं।
------
मंच पर दिखे मतभेद
कार्यक्रम के दौरान मंच पर विधायक असीम गोयल व भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा के बीच मतभेद नजर आए। कार्यक्रम समाप्ति के दौरान विधायक गोयल ने डा. संजय शर्मा को मंच पर आकर धन्यवाद व्यक्त करने को कहा तो संजय शर्मा माइक पर नहीं आए। बता दें कि इससे पहले भी संजय शर्मा व विधायक के भाई के मध्य पंचायत भवन में कष्ट निवारण समिति बैठक में विवाद हो गया था।