सरपंचों ने ई-पेमेंट प्रणाली पर जताया विरोध, सामूहिक इस्तीफे की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
साहा।
खंड साहा की सरपंच यूनियन की ओर से साहा अनाज मंडी के विश्राम गृह में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन प्रधान सुरेंद्र सिंह धुराला ने की। बैठक में सभी सरपंचों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर ई-पेमेंट प्रणाली का विरोध करने का निर्णय लिया गया। यूनियन प्रधान सुरेंद्र सिंह ने कहा कि खंड साहा के सभी सरपंच इस प्रक्रिया का पुरजोर विरोध करते हैं। सरपंच इसको लागू करने में सरकार का सहयोग नहीं करेंगे।
बैठक में सरपंचों ने ई-पेमेंट प्रणाली से भविष्य में आने वाली कठिनाइयों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि ई-पेमेंट से गांवों के विकास कार्य प्रभावित होंगे। उपस्थित सरपंचों ने कहा कि ई-पेमेंट से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। सरकार पंचायती राज एक्ट को तहस-नहस कर सरपंचों से मनमर्जी कार्य करवाना चाहती है जिसको यूनियन किसी कीमत पर सहन नहीं करेगी। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो सरपंचों के सामूहिक इस्तीफे स्वीकार करने के लिए तैयार रहे। यहीं नहीं 22 मार्च को यूनियन जिला स्तर पर उपायुक्त कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर सरपंच शमशेर सिंह, रामपाल गुर्जर, संदीप सैनी, नवीन बीहटा, मुकेश कुमार, अमित कुमार, गुरचरन सिंह, जगीर सिंह, प्रीतपाल, चंद्रमोहन, नवाब सिंह, मंजीत गागट, रामसिंह, गुरवीर सिंह, जिले सिंह, सतविंद्र सिंह, दविंद्र सिंह, सतीश रामपुर, अनिल कुमार, सुनील कुमार, रेशम सिंह सहित 60 से ज्यादा सरपंच मौजूद रहे।