90 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले श्रमिक के बेटे को मिलेगा 51000 रुपये का पुरस्कार : राज्यमंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में यदि किसी श्रमिक का बेटा बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करेगा तो उसे हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के माध्यम से 51000 रुपये का नकद पुरस्कार देने का प्रावधान किया जाएगा। यह राशि विद्यार्थी को विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति राशि से अधिक होगी। सरकार इस योजना को लागू करने के लिए शीघ्र ही फैसला लेने जा रही है। इसके तहत 80 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले बच्चे को 41000 रुपये, 70 प्रतिशत अंक लाने वाले बच्चे को 31000 और 60 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले श्रमिक के बच्चे को 21000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वे सोमवार को पंचायत भवन में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित श्रमिक जागरूकता एवं समान नामक अंतोदय मेला में उपस्थित लाभपात्रों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जिला के 650 श्रमिकों के महिला परिजनों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए सिलाई मशीनें वितरित की।
उन्होंने बताया कि श्रम कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 20 मार्च तक अंबाला जिला के श्रमिकों के बैंक खाते में 74 लाख रुपये की लाभ राशि भिजवाई जाएगी। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 60 हजार महिला श्रमिकों को सिलाई मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को मजबूत सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। वहीं विधायक असीम गोयल ने कहा कि पूर्व सरकारों ने श्रमिकों को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया है और धरातल पर उनके लिए कोई भी योजना लागू नहीं की गई। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के उप श्रम आयुक्त संजय मलिक, धर्मपाल सिरोही, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरला कपूर, एससी सेल जिला अध्यक्ष सुरेश सहोता, पार्षद राजेश गोयल, बलविंद्र शर्मा, संजीव गोयल टोनी, शमशेर सिंह, रणबीर सिंह, रोहित बेरी सहित आदि मौजूद रहे।