जोरदार आतिशबाजी के बीच हुआ वामन द्वादशी मेला
फोटो नंबर - 43, 44 व 45
जोरदार आतिशबाजी के बीच हुआ वामन द्वादशी मेला
- मेले के दूसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष ने रहे मुख्यअतिथि
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कंवर पाल ने पुरानी अनाज मंडी अंबाला शहर में शनिवार देर रात उत्तरी हरियाणा के प्रसिद्ध वामन द्वादशी मेले के धार्मिक समारोह में भाग लिया और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल व विधायक असीम गोयल ने आकर्षक आतिशबाजी का शुभारंभ किया और अवलोकन किया। हजारों की तादाद में श्रद्घालूओं ने हिंडोलो में सजाए भगवान वामन के दर्शन किए और नत्मस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने मेेले के आयोजक सनातन धर्म सभा को पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
विधानसभा अध्यक्ष ने प्राचीन संस्कृति को संजोए रखने के लिए मेले के आयोजकों की सराहना की और भगवान वामन के प्रकट दिवस की बधाई दी। उन्होने कहा कि तीज-त्यौहार और मेले भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग हैं और यह मेले भारतीय संस्कृति को विश्व पटल पर अलग पहचान प्रदान करते हैं। उन्होंने वामन द्वादशी मेले पर रखे देवी-देवताओं के विभिन्न हिंडौलों पर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। विधायक असीम गोयल ने कहा कि अंबाला के इस मेले के एतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलवाने के सभी संभव प्रयास किये जा रहे हैं। इस पर्व से अंबाला का प्राचीन गौरवमयी इतिहास जुड़ा हुआ है और भगवान वामन के आशीर्वाद अनुग्रहित इस क्षेत्र के औद्योगिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विकास के लिए भी केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से नई परियोजनाएं तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने का काम किया है जिसके तहत 12 करोड़ रुपये की राशि से नौरंगराय तालाब का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इस मौके पर पंजाबी कलाकार कुलविंद्र बिल्ला ने पंजाबी गीतों व भजनों से दर्शकों का मनोरंजन किया वहीं श्रद्धालुओं ने भी तालियों से उसका स्वागत किया। इस मौके पर सहारनपुर से आए आतिशबाज वकील अहमद व मेरठ से आए आतिशबाजों ने अपनी कला का भरपूर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष जीत राम अग्रवाल, सचिव विनोद गर्ग, सेठ मदन लाल अग्रवाल, टीसी कंसल, भारत भूषण अग्रवाल, रितेश गोयल, सौरभ गुप्ता, वेयर हाउसिंग के निदेशक अनुभव अग्रवाल, सुदेश जैन मिट्ठा, नरेश कुमार अग्रवाल, मोहिंद्र कुमार गर्ग व अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।