टांगरी नदी में विभाग ने जारी किए नोटिस, हड़कंप मचा
अंबाला कैंट।
टांगरी नदी तल में लोगों को सिंचाई विभाग ने नोटिस जारी करने आरंभ कर दिए हैं। नोटिस मिलते ही नदी क्षेत्र में बसे सैकड़ों लोगों में हड़कंप मच गया है। नदी तल में इस समय सैकड़ों लोग रहते हैं जिन्हें यह नोटिस जारी किए गए हैं। कई लोग नोटिस ही नहीं ले रहे हैं जिस वजह से विभाग द्वारा इन्हें अब घरों के आगे और अन्य स्थानों पर चस्पाया जा रहा है।
विभाग द्वारा लोगों से नदी क्षेत्र खाली करने का आह्वान किया जा रहा है ताकि मानसून सीजन में यहां बसे लोगों को नुकसान न झेलना पड़े। बता दें कि इससे पहले विभाग द्वारा नदी क्षेत्र के आसपास केनाल एंड ड्रेनेज एक्ट 1974 का हवाला देते हुए अधिसूचना जारी कर क्षेत्र को नोटिफाइड कर दिया गया था। टांगरी नदी में बब्याल से लेकर सहारनपुर रेल मार्ग तक नदी के भीतर बसे लोगों को यह नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस जारी करने के साथ यहां पर आने वाले दिनों में अनाउंसमेंट के जरिए भी लोगों को इलाका खाली करने का आह्वान किया जाएगा। गौरतलब है कि इस समय नदी तल में हजारों की संख्या में लोग रहते हैं और यहां पर सैकड़ों मकान विकसित हो चुके हैं। इतना ही नहीं कई कॉलोनियां भी बन चुकी हैं।
मानसून से पहले नदी तल में सफाई
विभाग द्वारा मानसून से पहले नदी तल में सफाई कार्य भी आरंभ कर दिया गया है। जगाधरी रोड पर टांगरी पुल से जीटी रोड तक क्षेत्र को जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से साफ किया जाएगा ताकि बरसातों के समय पानी शहरी सीमा से सही तरीके से बह सके। इतना ही नहीं विभाग द्वारा मानसून सीजन में नदी किनारे पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी।
जारी हुई थी अधिसूचना
गौरतलब है कि अप्रैल माह में सिंचाई विभाग द्वारा टांगरी नदी क्षेत्र में केनाल एंड ड्रेनेज एक्ट 1974 का हवाला देते हुए अधिसूचना जारी कर दी गई थी। अधिसूचना में टांगरी नदी क्षेत्र को नोटिफाइड कर दिया गया था। विभाग द्वारा इस अधिसूचना में नदी के अंदरूनी क्षेत्र के अलावा बाहरी क्षेत्र को भी नोटिफाइड कर दिया गया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब कैंट उप तहसील में क्षेत्र में रजिस्ट्रियों के पंजीकरण को लेकर प्रतिबंध लगाया गया। मामले की शिकायत प्रापर्टी डीलरों ने मंत्री विज के समक्ष इसी माह में की जिसके बाद मंत्री ने विभाग को अधिसूचना रद्द कर सही अधिसूचना जारी करने के दिशा-निर्देश दिए थे।
26 के बाद मानसून, नदी में बढ़ सकता है जलस्तर
बता दें कि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 26 जून के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में जोरदार बारिश की अनुमान जताया है। टांगरी नदी में पानी हिमाचल के नाहन व हरियाणा के पहाड़ी मोरनी क्षेत्र से आता है। आगामी दिनों में इन क्षेत्रों में जोरदार बारिश की संभावना है जिस वजह से नदी में जलस्तर बढ़ने की उम्मीद है। यही वजह है कि विभाग नदी तल में बसे लोगों को नोटिस जारी करके जगह खाली करने को कह रहा है।
पूर्व में कई गवां चुके जान
बीते कुछ वर्षों में मानसून सीजन में टांगरी नदी के तेज बहाव में बहकर कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं। अब तक यहां पर कई हादसे हो चुके हैं। इसी को देखते हुए विभाग इस बार ज्यादा सतर्कता बरत रहा है।
कोट्स
नदी तल में बसे लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं व उन्हें मानसून सीजन में इलाका खाली करने को कहा गया है। कई लोग नोटिस नहीं ले रहे हैं जिस वजह से नोटिस घरों के आगे व अन्य जगहों पर चस्पाए जा रहे हैं।
विकास धीमान, एसडीओ,
सिंचाई विभाग, अंबाला।