हमीदपुर पहुंचा स्क्वाड्रन लीडर सिद्धार्थ वशिष्ठ का अस्थि कलश, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। शहीद स्क्वाड्रन लीडर सिद्धार्थ वशिष्ठ के अस्थि कलश का शनिवार को उनके पैतृक गांव हमीदपुर में पहुंचने पर ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि दी। ग्रामवासियों को जहां सिद्धार्थ वशिष्ठ की शहादत का दु:ख हैं, वहीं उन्हें उन पर गर्व भी हैं कि उन्होंने देशसेवा करते हुए अपनी शहादत दी और गांव का नाम रोशन किया। परिजन अस्थि कलश को हरिद्वार लेकर जाते हुए गांव में पहुंचे थे और कुछ देर रुके थे। यहां पर श्रम एवं रोजगार मंत्री नायब सिंह सैनी, डीएसपी अमित भाटिया, नायब तहसीलदार सुरेंद्र भारद्वाज सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टियों एवं आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें नमन कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान गांववासियों ने राज्यमंत्री नायब सैनी से अनुरोध किया कि गांव के स्कूल का नाम शहीद स्क्वाड्रन लीडर सिद्धार्थ वशिष्ठ के नाम पर रखा जाये और गांव में उनकी याद में एक स्मारक और युवाओं के लिए जिम भी खोला जाये ताकि युवा उनसे प्रेरणा लें। सैनी ने वासियों को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी मांगे हैं वे उन्हें मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखकर पूरा करवाएंगे। इससे पूर्व गांव में अस्थि कलश पहुंचने पर ग्राम वासियों ने जोश के साथ शहीद स्क्वाड्रन लीडर सिद्धार्थ वशिष्ठ अमर रहे, भारत माता की जय के नारे भी लगाये। गौरतलब है कि गत 27 फरवरी को कश्मीर में हेलिकाप्टर क्रैश होने पर स्क्वाड्रन लीडर सिद्धार्थ वशिष्ठ शहीद हो गए थे और उनका अंतिम संस्कार गत एक मार्च को चंडीगढ़ में किया गया।