शहजादपुर। फैक्टरी में ड्यूटी पर जा रहे दो युवक नीलगाय से बचने के चक्कर में गिर गए। इन में से एक युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कस्बा साहा के निकटवर्ती गांव साबांपुर के रहने वाले सतविंद्र सिंह व गुरविंद्र सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव साबांपुर से अपनी ड्यूटी के लिए किसी फैक्टरी में डेराबस्सी पंजाब के लिए जा रहे थे। जब वह एनएच 73 पर स्थित लवली ढाबा गांव कक्ड़माजरा के नजदीक पहुंचे, तो उनकी मोटरसाइकिल के सामने कोई नीलगाय आ गई। उनकी मोटरसाइकिल नीलगाय से टकराने की वजह से वह दोनों नीचे गिर गए। इसमें गुरविंद्र सिंह आयु करीब 24 वर्ष को किसी नामालूम वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर मृत्यु हो गई। वहीं दूसरे युवक को मामूली चोटें आई। घटना की सूचना पर मृतक के रिश्तेदार व अन्य लोग घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस से घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया व पोस्टमार्टम के लिए शवगृह नारायणगढ़ में भिजवा दिया गया है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।