कपड़ा मार्केट से फड़ियां हटाने पर हंगामा, आर्य चौक से भी निगम ने हटवाए कब्जे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। वीरवार सुबह कपड़ा मार्केट में उस समय हंगामा हो गया, जब कमेटी की ओर से प्रति सप्ताह फड़ी लगाने वालों को अपना सामान बेचने के लिए मना कर दिया गया। इस दौरान वहां पर फड़ी लगाने वालों ने कमेटी पर भेदभाव का भी आरोप लगाया और कहा कि वह केवल एक तरफ वालों को ही फड़ी लगाने के लिए मना कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर मार्केट लग रही है।
इस मौके पर फड़ी संचालक राकेश कुमार, टीटू वर्मा, देवदत्त, अमित, केशव, गुरजीत कौर व अन्य ने कहा कि वह पिछले 20 से 25 सालों से यहां पर फड़ी लगाकर रोजगार चला रहे हैं लेकिन यहां निगम द्वारा भेदभावपूर्ण कार्रवाई की जा रही है। यदि उनकी फड़ी हटा दी गई तो उनकी आमदनी का कोई साधन उपलब्ध नहीं रहेगा। वह सप्ताह में केवल एक बार फड़ी लगाकर अपना गुजारा चलाते हैं, उसे भी कमेटी द्वारा हटाया जा रहा है। फड़ी संचालकों को ऑटो यूनियन पदाधिकारी अशोक बूंदी व अन्य ने भी समर्थन किया। इस दौरान निगम टीम से बहस भी हुई। उधर, हंगामे की जानकारी मिलने पर नगर निगम के कमिश्नर जयवीर सिंह आर्या ने मौके का दौरा किया और वहां के फड़ी वालों की बात सुनी। इसके बाद उन्होंने फड़ी संचालकों को आश्वासन दिया जिसके बाद फड़ियां लगाई गई।
------
बड़े शोरूम वालों पर नहीं करते कार्रवाई
फड़ी वालों ने नगर निगम टीम पर आरोप लगाया कि वह केवल छोटे फड़ी वालों को ही हटाने में लगी रहती है जबकि बड़े शोरूम द्वारा किए गए अतिक्रमण की ओर ध्यान भी नहीं देती है। वह केवल मूक दर्शक बनकर देखती रहती है। लेकिन छोटे फड़ी वालों के द्वारा सप्ताह में केवल एक ही बार रेहड़ी लगाई जाती है उसे वह हटा रही है।
-----
आर्य चौक से पुलिस लाइन तक हटवाया अतिक्रमण
आर्य चौक से पुलिस लाइन तक भी निगम टीम ने अतिक्रमण हटवाया। यहां घरों के आगे लोगों ने फेंसिंग व टाइलें लगाकर अतिक्रमण किया था। इस दौरान कुछ मकान मालिकों ने निगम की कार्रवाई का विरोध व उनकी बहस भी हुई, मगर टीम के आगे उनकी एक न चली। बता दें कि यहां नाले का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन कब्जों के कारण यहां नाला निर्माण में दिक्कत आ रही थी। इसलिए निगम ने यहां कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने दर्जन भर से अधिक दुकानों के आगे नाले के लिए खुुदाई करवाई।