पीड़ित को इंसाफ दिलाने की बजाय दूसरे क्षेत्र का मामला बता ‘टरकाती’ रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
बराड़ा (अंबाला)।
जगाधरी के साथ लगते एक गांव में शादीशुदा 48 वर्षीय महिला बराड़ा थाने में शिकायत लेकर आती है कि उसके 52 वर्षीय पति ने तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया है। इतना ही नहीं महिला का आरोप है कि उसके साथ मारपीट भी की गई। लेकिन यहां पुलिस ने पीड़िता को इंसाफ दिलाने की बजाय यमुनानगर क्षेत्र का मामला बताते हुए वहां जाकर मामला दर्ज कराने की बात कही। जबकि एसपी और कानून के जानकारों के मुताबिक क्राइम अगेंस्ट वुमन के तहत पीड़ित महिला अंबाला में ही केस दर्ज करा सकती थी। उधर, पीड़ित पक्ष ने सीएम विंडो पर शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई है।
जानकारी अनुसार बराड़ा क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का विवाह करीब 25 साल पहले जगाधरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति से मुस्लिम रीति रिवाजों से हुआ था। उसके दो लड़के एवं एक लड़की भी है, एक लड़के-लड़की का विवाह भी हो चुका है। उसने बताया कि उसका पति थ्री व्हीलर चालक है उसके साथ अक्सर मारपीट करता रहता था। बीती शाम भी उसके साथ मारपीट की गई और इसके बाद तीन तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़ित महिला जैसे तैसे अपने मायके पहुंची और सारी बात बताई। इसके बाद शुक्रवार को महिला के साथ उसके परिजन बराड़ा थाने पहुंचे। यहां पर पीड़ित पक्ष ने सारी बात पुलिस को बताई, जिसके बाद बराड़ा पुलिस ने शिकायत ले ली। मगर पुलिस ने परिजनों को साथ ही कहा कि उनका थाना क्षेत्र अलग है, जिसके चलते वह उस गांव को लगने वाले थाने में जाएं, जहां से आगामी कार्रवाई होगी। बराड़ा पुलिस स्टेशन से इंसाफ न मिलने पर पीड़ित पक्ष ने इस मामले में सीएम विंडो पर भी शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई है।
मामला दर्ज न होने पर परिवार परेशान
पीड़ित महिला के पिता गरीबी में समय व्यतीत कर रहे हैं। मां भी कई सालों से बीमार है। परिवार का गुजारा भी बमुश्किल हो रहा है। ऐसे में तीन तलाक का मामला सामने आने के बाद पूरा परिवार परेशान है। उधर, बराड़ा थाना में मामला दर्ज न होने के कारण परिवार परेशान है जबकि अंबाला में यह मामला दर्ज किया जा सकता है। बराड़ा पुलिस ने महिला और परिवार को थाना क्षेत्र का हवाला देते हुए अन्य थाने में भेज दिया है।
थाना प्रभारी और डीएसपी बोले यमुनानगर में दर्ज कराओ मामला
अमर उजाला ने इस मामले को लेकर जब बराड़ा थाना प्रभारी एवं डीएसपी बराड़ा से बात की तो उन्होंने साफ कहा कि उनके अधिकार क्षेत्र का यह मामला नहीं है। बराड़ा थाना प्रभारी यशदीप ने कहा कि महिला के साथ बीते दिवस तीन तलाक के साथ-साथ मारपीट भी की थी। मामला उसी थाना क्षेत्र का बनता है, जबकि संबधित थाने में फोन भी कर दिया है। वैसे पीड़ित पक्ष की शिकायत भी ले ली गई है। वहीं बराड़ा डीएसपी सुधीर तनेजा ने कहा कि महिला की जहां शादी हुई है उसी थाना क्षेत्र में मामला दर्ज होगा।
अंबाला में करा सकती है मामला दर्ज
एडवोकेट सुशांत ने कहा कि महिला के पास अंबाला में ही मामला दर्ज कराने का पूरा अधिकार है। क्राइम अगेंस्ट वुमन के तहत अंबाला में इस केस को दर्ज किया जा सकता है। पीड़ित महिला को थाना क्षेत्र का हवाला देकर वापस भेजना सही नहीं है।
फिलहाल मेरी जानकारी में यह मामला नहीं है। क्राइम अगेंस्ट वुमन के तहत महिला को अंबाला में ही केस दर्ज कराने का अधिकार है। इस मामले को लेकर बराड़ा डीएसपी और एसएचओ से बात करूंगा। -अभिषेक जोरवाल, एसपी अंबाला।