अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढ़ने वाले कारोबारियों के बेटे चोरी के वाहन के साथ काबू
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला।
अंबाला पुलिस के नाइट डोमिनेशन के दौरान जब चार नाबालिगों को चोरी के वाहन के साथ पकड़ा गया तो सब हैरान रह गए। अंग्रेजी माध्यम स्कूल की नौवीं कक्षा के चार विद्यार्थी मास्टर की के सहारे पहले एक्टिवा चुराते फिर उसका नंबर मिटा देते। यही नहीं जब घरवाले एक्टिवा के बारे में पूछते तो दोस्त का बताकर पल्ला झाड़ लेते। काबू किए गए ये चारों नाबालिग अच्छे घरों से संबंध रखते हैं। एक के पिता विदेश में रहते हैं तो तीन के पिता अंबाला में कारोबारी हैं। फिलहाल पुलिस ने चारों नाबालिगों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है।
ऐसे आए पकड़ में : कैंट के सदर क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस के नाइट डोमिनेशन के दौरान एक्टिवा सवार इन नाबालिगों को लेकर पुलिस को शक हुआ। एक्टिवा के नंबर को लेकर जांच की तो पुलिस ने पाया कि यह एक्टिवा चोरी की है। काबू किए गए नाबालिग इसी एक्टिवा पर सवार थे।
अंबाला कैंट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह का कहना है कि ये नाबालिग नाइट डोमिनेशन के दौरान पकड़े गए। इनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस की पकड़ में आए। पुलिस का कहना है कि ये चोरी की गई एक्टिवा के नंबर मिटा देते थे और घर ले जाते थे। घरवाले जब इन वाहनों के बारे में पूछते थे, तो ये वाहन दोस्तों के बता दिया करते थे।
थाना प्रभारी का कहना है कि ये सभी नाबालिग एक अंग्रेजी मीडियम स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ते हैं। जहां इन्होंने मिलकर ये पूरी स्कीम तैयार की। ये मास्टर चाबी से एक्टिवा खोलकर ले जाया करते थे। ये सभी नाबालिग अच्छे घरों के बताए जा रहे हैं जिनमें से एक का पिता विदेश में रहता है और बाकी तीन के पिता अंबाला में कारोबारी हैं। इससे पहले इनका कोई आपराधिक रिकार्ड होने की जानकारी नहीं है। इन नाबालिग लड़कों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें बाल सुधारगृह भेज दिया गया है।