जीवन खेलने का नाम है, खेलो और आगे बढ़ो : शिक्षामंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि जीवन खेलने का नाम है और खेलों से ही आगे बढ़ने की भावना पैदा होती है। जब भी हताश हों तो गीता के तीसरे अध्याय का अध्ययन करें, हताशा जरूर दूर होगी। वे सोमवार को सिटी के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित 63वीं राष्ट्रीय हॉकी क्रीड़ा (स्कूली) प्रतियोगिता के शुभारंभ पर बोल रहे थे। इस प्रतियोगिता में देशभर से 57 टीमों में करीब 1100 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।
बंपर जीत से हरियाणा ने खोला खाता, 15 गोल से महाराष्ट्र को रौंदा
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 में हरियाणा के लड़कों ने बंपर जीत के साथ खाता खोला है। एकतरफा मुकाबले में महाराष्ट्र को 15-0 से मात दी। मंगलवार से लड़कियों की टीमें मैदान में उतरेंगी। एईओ स्पोर्ट्स राजेंद्र सिंह जिंदू ने बताया कि सोमवार को लड़कों के मुकाबले करवाये गए। सोमवार को हुए मैचों में मध्य प्रदेश की टीम ने गुजरात को 4-0 से, दिल्ली ने तमिलनाडु को 8-0 से, हरियाणा ने महाराष्ट्र को 15-0 से, बिहार ने केरल को 7-2 से, तेलंगाना ने नवोदय विद्यालय को 3-0 से तथा आंध्र प्रदेश ने त्रिपुरा की टीम को 6-0 के अंतर से मात दी। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट के पहले चार दिन जहां लीग आधार पर होंगे, उसके बाद टूर्नामेंट नॉकआउट आधार पर खेला जाएगा। प्रतियोगिता के मैच अंबाला सिटी और शाहाबाद में खेले जाएंगे। फाइनल मैच 2 दिसंबर को होगा। उल्लेखनीय है कि इस टूर्नामेंट में लड़कों की 31 और लड़कियों की 26 टीमें भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम में शिक्षामंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वागत गीत आदि प्रस्तुत करने वाले चार स्कूलों के बच्चों को एक लाख रुपये की राशि पुरस्कार के रूप में देने की घोषणा भी की। इस दौरान विशिष्ट अतिथि विधायक असीम गोयल सहित डीईओ उमा शर्मा, एईओ राजेंद्र सिंह जिंदू भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में हरियाणा के प्रथम ओलंपियन संजीव कुमार को भी सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की आबादी मात्र दो करोड़ 62 लाख है, लेकिन फिर भी इस प्रदेश के लड़कियों एवं लड़कों ने अपने खेल एवं अन्य गतिविधियों के दम पर हरियाणा का नाम विश्व में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां साक्षी मलिक, गीता, बबीता ने खेल के क्षेत्र में नाम रोशन किया है वहीं मानुषी छिल्लर ने भी विश्व में भारत का नाम रोशन किया है। इस दौरान एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग, स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया के ऑब्जर्वर केएस मूर्थी, संजय गौतम, डॉ. संजय शर्मा, जगमोहन लाल कुमार, रितेश गोयल, मनदीप राणा, अनुभव अग्रवाल, शैंकी, राजेश गोयल, भारत भूषण अग्रवाल, राज सिंह, कर्मचंद, रविंद्र कुमार, सुधीर कालड़ा, सुशीला ढिल्लों, रजनीश शर्मा, सतपाल कौशिक, कुलभूषण सैनी और जसविंद्र आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षामंत्री से विधायक असीम गोयल ने हॉकी मैदान के लिए एस्ट्रोटर्फ की मांग भी रखी। उन्होंने इसके लिए गांव नन्यौला के ग्राउंड और पुलिस लाइन मैदान में एस्ट्रोटर्फ के लिए बात रखी। शिक्षामंत्री ने इस पर कहा कि इसके लिए बात की जाएगी।