मुलाना। शनिवार दोपहर अंबाला-जगाधरी मार्ग स्थित महाराणा प्रताप नेशनल कॉलेज मुलाना के समीप एक कार व एक्सयूवी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद एकदम एयरबैग खुले जिससे दोनों कार सवारों को ज्यादा चोटें नहीं लगी। क्षतिग्रस्त वाहनों के रोड पर खड़े रहने से सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना मिलते ही मुलाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को मुलाना स्थित एमएम मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया लगभग 20 मिनट बाद यातायात सुचारु हो सका।
मनोज कुमार वासी अंबाला शहर शनिवार दोपहर अपनी कार से यमुनानगर जा रहा था। जैसे ही वह अंबाला जगाधरी मार्ग स्थित एमपीएन कॉलेज मुलाना के समीप पहुंचा तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार एक्सयूवी से उसकी कार की भिड़ंत हो गई। जिसमें सहारनपुर वासी विक्की व वर्णित सवार थे। गनीमत रही कि दोनों गाड़ियों के एयरबैग खुल गये जिससे एक्सयूवी चालक विक्की व वर्णित को चोट नहीं आई। हालांकि इस हादसे में मनोज को कुछ चोटें आई। राहगीरों ने मनोज को गाड़ी से बाहर निकाला तथा एंबुलेंस की सहायता से एमएम मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। वहीं पुलिस द्वारा वाहनों को सड़क से हटाकर बाधित हुए यातायात को सुचारु किया गया। मुलाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।