कई विभागों के कर्मियों ने रोडवेज कर्मियों की हड़ताल को दिया समर्थन
फोटो----- 14, 29
निकाला जुलूस, कांग्रेस नेता देवेंद्र शर्मा ने दिया समर्थन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। रोडवेज कर्मियों की हड़ताल मंगलवार को 15वें दिन में प्रवेश कर गई। कुल 125 बसें रूट पर निकलीं, जिन्हें पुराने 10 व बाकी बसों में नये चालकों-परिचालकों ने चलाया। रोडवेज की हड़ताल को समर्थन देने के लिए मंगलवार को आशा वर्कर, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, टूरिज्म, पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल वर्कर यूनियन, बिजली निगम के कर्मी सहित अन्य कई यूनियनों के कर्मचारी धरनास्थल पर पहुंचे। वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता देवेंद्र वर्मा ने अपने समर्थकों के साथ हड़ताल को समर्थन दिया।
रोडवेज कर्मचारी अंबाला डिपो के बाहर धरनास्थल पर डटे रहे, हालांकि कर्मचारी नेताओं की गिरफ्तारियों के चलते कुछ मुख्य नेता मंगलवार को धरने से नदारद दिखे। इस दौरान मुख्य तौर पर सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रामगोपाल धरने पर मौजूद थे। जानकारी के अनुसार पशुपालन विभाग के 11, शिक्षा विभाग के 34, आशा वर्कर 412, बिजली कर्मी 120, टूूरिज्म विभाग के 6 कर्मियों के अबसेंट रहने व हड़ताल में शामिल होने का डाटा डीसी ऑफिस में पहुंचा है। कर्मचारी इसके बाद इकट्ठे होकर जुलूस की शक्ल में पॉलीटेक्निक चौक पर पहुंचे और रोष मार्च निकालते हुए सरकार को कोसा।
छावनी में तब्दील रहा रोडवेज वर्कशॉप
मंगलवार को भी शहर के रोडवेज वर्कशॉप पुलिस छावनी में तब्दील रहे। बिजली कर्मचारियों ने भी हड़ताल कर सरकार को कोसा। एचएसईबी वर्कर्स यूनियन संबंधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ ने रोडवेज की चली आ रही हड़ताल का समर्थन कर रहे एचएसईबी वर्कर्स यूनियन की हड़ताल भी 9वें दिन में प्रवेश कर गई। मंगलवार को बराड़ा, केसरी, बब्याल, नंबर 1, नंबर 2, मॉडल टाउन अंबाला सिटी, धूलकोट, ईस्ट, वेस्ट, चौड़मस्तपुर आदि सभी सब-यूनिटों में सभी कर्मचारी हड़ताल पर रहे और अपने-अपने दफ्तरों के आगे सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सरकार जनता को कर रही गुमराह : देवेंद्र
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के आदेशानुसार रोडवेज कर्मचारियों को कांग्रेस नेता देवेंद्र वर्मा ने अपने समर्थकों के साथ समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार जनता को गुमराह कर रही है। प्रदेश सरकार ने पहले कहा था कि 720 बसों का निजीकरण तो होकर रहेगा और आज सरकार ने कहा कि 510 बसों के निजीकरण के लिए एग्रीमेंट हो चुका है।
----------
रोडवेज हड़ताल का समर्थन, अन्य कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
बराड़ा। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, शिक्षक तालमेल कमेटी से संबंधित कर्मचारी, मजदूर, विद्यार्थियों व महिलाओं ने बाजार में रोडवेज के निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया और रोडवेज कर्मियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए रोडवेज परिसर में कर्मचारी, मजदूर व अध्यापक पहुंचे। प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के उपमंडल प्रधान अशोक कुमार सैनी ने की व संचालन जिला सचिव नैब सिंह ने किया। जन शिक्षा अधिकार मंच के जिला संयोजक कुलदीप चौहान ने कहा कि रोडवेज का निजीकरण नहीं होने दिया जाएगा। डिप्लोमा वैटरनरी एसोसिएशन के राज्य उप प्रधान विनोद सोनी ने कहा कि 31 अक्तूबर को कर्मचारी स्टैंड बराड़ा में इकट्ठे होकर बाजार में प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर हेमसा के ओमप्रकाश, मिड-डे मील से ममतेश चौहान, नगरपालिका से सुलोतन, पैक्स से सुनील मौजूद रहे।