स्कूल यूनिफॉर्म अलग-अलग रेट पर बेचने पर अभिभावकों ने जताया रोष
मीडियाकर्मियों से भी स्कूल पदाधिकारियों ने की बदसलूकी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शहर के सेक्टर-9 में स्थित ओपीएस विद्या मंदिर स्कूल में मंगलवार को स्कूल यूनिफॉर्म को अलग-अलग रेट पर बेचने को लेकर अभिभावकों में रोष पनप गया और उन्होंने स्कूल में जाकर हंगामा खड़ा कर दिया। हालांकि बाद में अभिभावकों व स्कूल प्रबंधकों की कुछ देर बातचीत के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन वहां मौजूद मीडियाकर्मियों से स्कूल पदाधिकारियों ने बदसलूकी कर दी।
बता दें कि शहर के सेक्टर-9 में स्थित ओपीएस विद्या मंदिर स्कूल की यूनिफॉर्म कंपनी द्वारा मंगलवार को अनाज मंडी के नजदीक एक सीमेंट की दुकान में बेची जा रही थी। हालांकि इस बात से अभिभावकों को कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन यूनिफॉर्म के अलग-अलग रेट को लेकर बच्चों के अभिभावकों ने रोष जताया और सभी इकट्ठे होकर स्कूल पहुंचे। बाद में स्कूल पदाधिकारियों और परिजनों की आपसी सहमति से विवाद सुलझ गया। दरअसल, मंगलवार सुबह से ही अनाज मंडी के नजदीक एक सीमेंट की दुकान के पास ओपीएस स्कूल की यूनिफॉर्म बिक रही थी। परिजन यूनिफॉर्म लेने दुकान पर पहुंच रहे थे। इसी दौरान कई परिजनों की आपस में बातचीत हुई। आरोप लगाया कि यूनिफॉर्म बेचने वाला संचालक मनमाने दाम पर यूनिफॉर्म बेच रहा है, जिस कारण परिजनों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।