ि
रकार्ड रूम से टपक रहा पानी, गल गईं छत की कडिय़ां, कभी भी हो सकता है हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। 14 साल पहले कंडम घोषित हो चुके रिकार्ड रूम की छत से बारिश का पानी टपकने लगा है। जिससे 150 साल पुराना सरकारी रिकार्ड खराब होने का डर बना हुआ है। वहीं पानी लगने के कारण छत की कड़ियां भी गिरने लगी हैं, जिस कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सुबह भी जैसे ही कर्मचारियों ने रिकार्ड रूम का दरवाजा खोला तो सारे रिकार्ड रूम में पानी भरा हुआ था। जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी सीटीएम को दी और उनके बाद जाकर पानी निकालने की व्यवस्था की गई। काफी साल होने के कारण रिकार्ड रूम का जमीन से लेवल काफी नीचे चला गया है, जिस कारण थोड़ी सी बारिश होते ही रिकार्ड रूम तालाब में तब्दील हो जाता है। वहीं रिकार्ड रूम में कार्यरत कर्मचारी पानी को निकालते हैं, जिससे उनका काफी समय भी खराब हो जाता है।
पानी लगने से खराब हो रही फाइलें
छतों के टपकने व टूटी खिड़कियों के कारण रिकार्ड रूम में पानी घुसने से सालों पुराना रिकार्ड खराब हो रहा है। इस कारण कई बार पुरानी फाईलें रिकार्ड रूम में ढूंढने पर भी नहीं मिलती है और बाद में फाइलों के गुम होने की एफआईआर करवानी पड़ती है।
इमारत को किया जाएगा शिफ्ट
सीटीएम सुशील कुमार ने कहा कि यह बिल्डिग पीडब्ल्यूडी विभाग के अंडर है। जल्द ही बिल्डिंग को किसी अन्य जगह शिफ्ट किया जा जाएगा, ताकि वहां का रिकार्ड भी सुरक्षित रह सके और कर्मचारियों को भी परेशानी न झेलनी पड़े।